टीम इंडिया में वापसी का इंतजार कर रहे युवराज सिंह का फ्लॉप शो जारी है। इसका खामियाजा यह है कि उनकी टीम पंजाब को रणजी में बुरी हार का सामना करना पड़ा।
प्रतिभावान ऑफ स्पिनर अखिल हेरवदकर (52 रन पर छह विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत 40 बार के चैंपियन मुंबई ने पंजाब को रविवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच के चौथे और अंतिम दिन पारी और 12 रन से पराजित कर दिया।
इस जीत से मुंबई बोनस अंक के साथ सात अंक बटोरने में सफल रही। पंजाब ने चार विकेट पर 244 रन से आगे खेलते हुए अपनी दूसरी पारी में 403 रन बनाए लेकिन वह पारी की हार को नहीं टाल सका।
पंजाब की ओर से दूसरी पारी में मनदीप सिंह ने 116 जबकि गीतांश खेरा ने 86 रन बनाए। मनदीप वही हैं जिन्होंने हाल ही में अपनी कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की अंतरराष्ट्रीय टीम को अभ्यास मैच में हराया था।
पंजाब ने पहली पारी में 154 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 569 रन पर घोषित की थी। मुंबई का अगला मुकाबला 15-18 अक्तूबर तक तमिलनाडु से होगा जबकि पंजाब 15 अक्तूबर से गुजरात के खिलाफ घरेलू मैदान मोहाली में खेलेगा।