फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy Final: पहले दिन का खेल खत्म, विदर्भ 31/3; मुंबई ने पहली पारी में 224 रन बनाए, शार्दुल फिर चमके

Sun, 10 Mar 2024 05:14 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

Mumbai vs Vidarbha (MUM vs VID) Ranji Final Highlights : रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला 41 बार के चैंपियन मुंबई और दो बार के चैंपियन विदर्भ के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। विदर्भ के कप्तान अक्षय वाडकर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
विज्ञापन
मुंबई बनाम विदर्भ - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले कुछ महीनों में जिस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर कई विवाद हुए, उसका फाइनल मुकाबला रविवार से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शुरू हो चुका है। रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला 41 बार के चैंपियन मुंबई और दो बार के चैंपियन विदर्भ के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। विदर्भ के कप्तान अक्षय वाडकर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 224 रन बनाए। जवाब में विदर्भ की पहली पारी जारी है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए हैं।
विज्ञापन


शार्दुल ठाकुर ने ध्रुव शोरे को पवेलियन भेजा। वह खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, धवल कुलकर्णी ने अमन मोखादे और करुण नायर को पवेलियन भेजा। अमन आठ रन बनाकर आउट हुए। वहीं, करुण खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल अथर्व तायदे 21 रन बनाकर और आदित्य ठाकरे खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। 

मुंबई की पहली पारी 224 रन पर समाप्त
मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। पृथ्वी शॉ और भूपेन लालवानी ने पहले विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को यश ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने भूपेन को अक्षय के हाथों कैच कराया। वह 37 रन बना सके। इसके बाद हर्ष दुबे ने पृथ्वी को क्लीन बोल्ड किया। वह 46 रन बना सके। इन दो विकेट के बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई। मुशीर खान छह रन, कप्तान अजिंक्य रहाणे सात रन, श्रेयस अय्यर सात रन और हार्दिक तमोरे पांच रन बनाकर आउट हुए। शम्स मुलानी 13 रन बनाकर आउट हुए। 
विज्ञापन


रहाणे और श्रेयस फिर फ्लॉप
टीम इंडिया में वापसी की कोशिश में जुटे रहाणे और श्रेयस फिर फ्लॉप रहे। यह दोनों तमिलनाडु के खिलाफ रणजी सेमीफाइनल में भी फ्लॉप रहे थे। वहीं, शार्दुल ठाकुर ने एकबार फिर बल्ले से कमाल दिखाया और 69 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 75 रन की पारी खेली। तनुश कोटियान आठ रन और तुषार देशपांडे 14 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह मुंबई की पारी 224 रन पर सिमट गई। विदर्भ की ओर से हर्ष दुबे और यश ठाकुर ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, उमेश यादव को दो विकेट मिले। आदित्य ठाकरे ने एक विकेट लिया।

ईशान और श्रेयस से नाराज बोर्ड
रणजी को लेकर इस बार खूब बवाल हुआ है। कुछ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने पर बीसीसीआई नाराज था। इनमें श्रेयस और ईशान किशन के नाम प्रमुख हैं। ईशान ने पिछले साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से ब्रेक लिया था, लेकिन वापस आकर रणजी में हिस्सा नहीं लिया। वह हार्दिक पांड्या के साथ बड़ौदा में आईपीएल की तैयारी में जुटे रहे। वहीं, श्रेयस को खराब फॉर्म की वजह से इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दो टेस्ट मैचों के बाद टीम से निकाल दिया गया था।

श्रेयस ने रणजी में दो मैच खेले
हालांकि, टीम से निकलने के बाद भी वह रणजी खेलने नहीं पहुंचे और कमर में दर्द की शिकायत की। मुंबई के क्वार्टर फाइनल मैच के शुरू होने के बाद एनसीए की तरफ से बयान आया कि श्रेयस पूरी तरह फिट हैं और उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। चोट का बहाना देकर श्रेयस आईपीएल में अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के कैंप में पहुंचे थे। इससे बीसीसीआई और नाराज हो गया था। दोनों को बीसीसीआई के सालाना केंद्रीय अनुबंध से भी बाहर कर दिया गया। हालांकि, श्रेयस ने वापसी की और मुंबई के लिए सेमीफाइनल और अब फाइनल खेल रहे हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें