फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Irani Cup: रहाणे शतक के करीब, श्रेयस और सरफराज ने भी दिखाया दम, शेष भारत के लिए मुकेश का दमदार प्रदर्शन

Tue, 01 Oct 2024 06:50 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

मुंबई के लिए रहाणे, सरफराज खान और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जड़े जिससे टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 237 रन बना लिए हैं। स्टंप के समय रहाणे 86 रन और सरफराज 54 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
विज्ञापन
ईरानी कप - फोटो : BCCI Domestic
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शेष भारत के खिलाफ ईरानी कप के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी की और टीम को मुसीबत से उबारा। मुंबई के लिए रहाणे, सरफराज खान और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जड़े जिससे टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 237 रन बना लिए हैं। स्टंप के समय रहाणे 86 रन और सरफराज 54 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। 
विज्ञापन

मुकेश ने मुंबई को दिए शुरुआती झटके 
शेष भारत के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने कप्तान के फैसले को सही साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई। मुकेश ने सबसे पहले मुंबई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को अपना शिकार बनाया जो सात गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। पृथ्वी इस तरह अपनी खराब फॉर्म को यहां भी पीछे नहीं छोड़ सके। उन्होंने चौका लगाकर शानदार शुरुआत की, लेकिन इसके बाद मुकेश की गेंद पर देवदत्त पडिक्कल को कैच थमा बैठे। 

मुकेश ने पृथ्वी को आउट करने के तीन गेंद बाद विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोरे को खाता खोले बिना आउट किया। हार्दिक मुकेश की गेंद पर ध्रुव जुरेल को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रहाणे ने आयुष मतारे के साथ पारी आगे बढ़ाई, लेकिन यह दोनों बल्लेबाज जब तक टिक पाते उससे पहले ही मुकेश ने फिर जुरेल के हाथों कैच कराकर आयुष की पारी का अंत किया। आयुष 35 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। 

रहाणे-श्रेयस की शानदार साझेदारी
मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने अपने तीन विकेट 37 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद रहाणे ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और चौथे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी कर मुंबई को संभाला। रहाणे को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुना गया था, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से साबित किया कि उनमें अभी भी रन बनाने की भूख बाकी है। उनका साथ श्रेयस ने दूसरे छोर से बखूबी निभाया। श्रेयस हाल ही में संपन्न हुई दलीप ट्रॉफी में भी अर्धशतक लगा चुके थे और उन्होंने ईरानी कप में भी यह फॉर्म बरकरार रखी। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए तेज गेंदबाज यश दयाल ने हालांकि, श्रेयस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। श्रेयस 84 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। 
विज्ञापन

श्रेयस के आउट होने के बाद सरफराज ने कप्तान का साथ निभाया और यह सुनिश्चित किया कि शुरुआती दिन मुंबई को और झटका ना लगे। मुंबई ने भले ही खराब शुरुआत की, लेकिन रहाणे, सरफराज और श्रेयस के दम पर वापसी करने में सफल रहा। रहाणे और सरफराज के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी हो चुकी है। मालूम हो कि यश दयाल को बांग्लादेश के खिलाफ दोनों टेस्ट मैच में प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला था और उन्हें सोमवार को ही ईरानी कप में खेलने के लिए भारतीय टीम से रिलीज किया गया था। उनके अलावा जुरेल और सरफराज को भी इस मैच में खेलने की इजाजत मिली थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें