श्रेयस-रहाणे फॉर्म में चल रहे
मुंबई के पास कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा फॉर्म में चल रहे अजिंक्य रहाणे, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और पृथ्वी शॉ शामिल हैं। रहाणे इस बार टूर्नामेंट में 432 रन बनाकर बल्लेबाजों में शीर्ष पर हैं। उन्होंने 170 की स्ट्राइक रेट से पांच अर्धशतक लगाए हैं। तीसरे क्रम पर श्रेयस ने यह सुनिश्चित किया है कि रहाणे की शुरुआत में खेली गई अच्छी पारी का लाभ मध्य क्रम में उठाया जाए।
मुंबई की गेंदबाजी कमजोरी
श्रेयस अब तक आठ मैचों में 329 रन बना चुके हैं। हालांकि सेमीफाइनल में बड़ौदा को मुंबई ने सात विकेट पर 158 रन पर रोक लिया था, लेकिन गेंदबाजी में मोहित अवस्थी, शार्दुल ठाकुर और शिवम दुबे खर्चीले साबित हुए हैं। स्पिनरों तनुष कौटियान, सूर्यांश और अथर्व ने बल्लेबाजों पर अंकुश रखा है। 2022 में खिताब जीत चुकी मुंबई की चिंता यह है कि उनके तेज और मध्य गति के गेंदबाजों की कमजोरी का मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार फायदा उठा सकते हैं।
मध्य प्रदेश के कप्तान रजत फॉर्म में
खुद पाटीदार का कहना है कि 'हमें अपनी मजबूती पर भरोसा है, हम यह नहीं सोच रहे कि हमारे सामने मुंबई की मजबूत टीम है।' पाटीदार लय में हैं और अभी तक चार अर्धशतक के साथ 347 रन बना चुके हैं। मध्य प्रदेश ने अभी तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब नहीं जीता है। पिछली बार टीम 2010-11 के सत्र में फाइनल में पहुंची थी।
वेंकटेश अय्यर भी कर सकते हैं आक्रामक बल्लेबाजी
मध्य प्रदेश के पास वेंकटेश अय्यर भी हैं जो निचले मध्यक्रम में टीम को मजबूती प्रदान करते हैं। वह अभी तक 210 रन बना चुके हैं और छह विकेट भी अपनी झोली में डाल चुके हैं। टीम के अन्य गेंदबाजों में आवेश खान (10 विकेट), तिरुपुरेश (07) और स्पिनर कुमार कार्तिकेय (16) भी अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। मैच शाम साढ़े चार बजे से खेला जाएगा।
चिन्नास्वामी में कोई 200+ का स्कोर नहीं
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस संस्करण में 200 या उससे अधिक के 37 स्कोर देखे गए हैं, लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई भी 200+ का स्कोर दर्ज नहीं किया गया है। जहां मुंबई और मध्य प्रदेश दोनों ने यहां अपने-अपने सेमीफाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए आसान जीत हासिल की, वहीं लक्ष्य का बचाव करने वाली टीमों ने भी बंगलूरू में तीन बार सफलता का स्वाद चखा है। 193 रन यहां बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
मुंबई: पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, शार्दुल ठाकुर, हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), तनुष कोटियन, मोहित अवस्थी, अथर्व अंकोलेकर।
मध्य प्रदेश: अर्पित गौड़, हर्ष गवली (विकेटकीपर), सुभ्रांशु सेनापति, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), हरप्रीत सिंह भाटिया, त्रिपुरेश सिंह, राहुल बाथम, कुमार कार्तिकेय, अवेश खान, शिवम शुक्ला।
क्या आप जानते हैं?
- दुनिया की सभी टी20 प्रतियोगिताओं में, इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 206 50+ के स्कोर दूसरा सबसे अधिक है। इंग्लैंड में 2023 टी20 ब्लास्ट में यह 50+ के स्कोर की रिकॉर्ड संख्या से केवल छह कम है।
- इस प्रतियोगिता में मुंबई और मध्य प्रदेश के नौ-नौ व्यक्तिगत 50+ के स्कोर हैं, जो सभी टीमों के बीच संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। सौराष्ट्र 11 50+ के स्कोर के साथ चार्ट में सबसे आगे है।
- आखिरी बार ये दोनों टीमें रणजी ट्रॉफी के 2021-22 संस्करण के दौरान फाइनल में भिड़ी थीं, जो बेंगलुरु में भी खेला गया था। मध्य प्रदेश ने वह मैच छह विकेट से जीतकर अपना पहला रणजी खिताब जीता था।
- मुंबई टी20 क्रिकेट में मध्य प्रदेश के खिलाफ अपराजित रही है। मुंबई ने एमपी के खिलाफ चार टी20 जीते हैं और टीम को पिछली जीत 2022 में मिली थी।