आईपीएल 2023 के लिए हर फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करनी है। इसके बाद 23 दिसंबर को मिनी ऑक्शन का आयोजन होगा और सभी टीमें अगले सीजन के लिए अपनी टीम बनाएंगी। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा है कि मुंबई के लिए कीरोन पोलार्ड को टीम से बाहर करना मुश्किल फैसला होगा, लेकिन अगले चार-पांच साल के लिए टीम बनाने के लिए उन्हें कठोर फैसले लेने होंगे।
मिनी ऑक्शन से पहले सभी टीमों के पर्स में पांच करोड़ रुपये बढ़ा दिए गए हैं और अब हर टीम के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए कुल 95 करोड़ रुपये हो गए हैं। एक स्पोर्ट्स चैनल से बातचीत में हरभजन ने कहा "मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस के लिए कीरोन पोलार्ड को रिलीज करना बहुत मुश्किल होने वाला है। वह कई सालों से है। लेकिन हां, कई बार ऐसा होता है जब आपको कुछ कठिन फैसले लेने पड़ते हैं और शायद यही समय है। उन्हें आगे बढ़ना है और अगले 4-5 साल के लिए एक टीम बनानी है। उन्हें किसी ऐसे खिलाड़ी को खोजना है जो वह काम कर सके जो पोलार्ड ने पिछले कुछ वर्षों में किया है।"
हरभजन ने कहा कि मुंबई के पास टिम डेविड है, मुंबई के लिए वह रोल निभा सकते हैं, जो पोलार्ड ने कई वर्षों तक निभाया। हरभजन ने कहा "नीलामी में एक और ऑस्ट्रेलियाई कैमरून ग्रीन हैं। मुझे लगता है कि वे उसे मुंबई सेट-अप का हिस्सा बनाने के लिए देख रहे होंगे। बेशक, यह एक कठिन फैसले होने जा रहा है, लेकिन एक समय पर आपको कठिन फैसले लेने होंगे।"
पोलार्ड 2010 से मुंबई का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने इस टीम के लिए 189 मैचों में 28.67 की औसत से 3,412 रन बनाए हैं, जिसमें 16 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने पांच बार की चैंपियन टीम के लिए 69 विकेट भी लिए हैं। पोलार्ड का पिछला सीजन खराब रहा था। 11 मैचों में, वह 14.40 के औसत से केवल 144 रन बना पाए थे, जिसमें 25 का उच्चतम स्कोर था। उनका स्ट्राइक रेट भी 107.46 का था। साथ ही, उन्होंने टूर्नामेंट में केवल चार विकेट लिए।
इस दौरान इरफान पठान ने कहा कि मुंबई को डेथ ओवरों के गेंदबाज की जरूरत है। क्योंकि, जोफ्रा आर्चर इस साल भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इरफान ने कहा "यह बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जोफ्रा आर्चर चोट से वापस आ रहे हैं। जसप्रीत बुमराह भी चोट से वापसी कर रहे हैं। पिछले साल, आर्चर के नहीं होने के कारण मुंबई की गेंदबाजी में तेजी नहीं थी। खासकर डेथ ओवरों में बासिल थंपी और जयदेव उनादकट के भरोसे टीम चलती रही। जोफ्रा और जसप्रीत बुमराह के वापस आने पर भी मुंबई को एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत होगी, जो इन दोनों के चोटिल होने पर डेथ ओवर में गेंदबाजी कर सके। मुझे लगता है कि वे उस पर भी ध्यान देंगे।"
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर टॉम मूडी ने इस पर बात की कि क्या सनराइजर्स हैदराबाद के लिए केन विलियमसन को बनाए रखना समझदारी है। उन्होंने कहा "यह सनराइजर्स के लिए दिलचस्प है, क्योंकि जब आप एक बड़ी नीलामी की शुरुआत में केन विलियमसन जैसे खिलाड़ी को 14 करोड़ में अपने साथ रखते हैं, तो आप लंबे समय के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन पिछले चार महीनों में टी20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। हम एक कप्तान के रूप में उनकी क्षमता जानते हैं। वह आईपीएल और विश्व स्तर पर एक बहुत सम्मानित कप्तान हैं। इसलिए, यह सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि वे उस नेतृत्व पर कितना भार डालते हैं। मेरे हिसाब से किसी भी खिलाड़ी के लिए 14 करोड़ रुपये बड़ी राशि हैं।"
विलियमसन के लिए आईपीएल 2022 शानदार नहीं रहा। 13 मैचों में वह 19.64 की औसत से केवल 216 रन ही बना सके। उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला। उनका स्ट्राइक रेट भी 93.51 का था। इस साल, उन्होंने 12 टी20 मैचों में 34.72 की औसत से दो अर्धशतकों के साथ 382 रन बनाए हैं, लेकिन उनका का स्ट्राइक रेट 119.00 का रहा है।