चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के पहले क्वालीफाइंग मैच में लाहौर लायंस से मिली हार को पीछे छोड़ते हुए आखिरकार गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने जीत का स्वाद चख लिया।
मुंबई ने रविवार को रायपुर में खेले गए अपने दूसरे क्वालीफाइंग मैच में श्रीलंका की सदर्न एक्सप्रेस टीम को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।
इस जीत से मुंबई इंडियंस ने खुद को मुख्य ड्रॉ की होड़ में कायम रखा है। अब मुंबई को मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने के लिए आज नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स को बड़े अंतर से हराना होगा।
दूसरी ओर, लगातार दूसरे मैच में मिली शिकस्त के साथ ही श्रीलंका की सदर्न एक्सप्रेस टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
सलामी जोड़ी ने दिखाया दम
मुंबई इंडियंस ने जीत के लिए मिले 162 रन के लक्ष्य को 16.2 ओवर में एक विकेट पर 165 रन बनाकर आसानी से हासिल कर लिया।
मुंबई की इस जीत के नायक रहे ओपनर माइक हसी और लेंडल सिमंस की सलामी जोड़ी। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 14.4 ओवर में 139 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी का अंत हसी के पवेलियन लौटने से हुआ।
हसी ने 40 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों के साथ 60 रन की धुआंधार पारी खेली। दूसरी ओर मैन ऑफ द मैच बने सिमंस ने 51 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के के साथ 76 रन की आतिशी पारी खेलकर नाबाद रहे। कप्तान कीरोन पोलार्ड भी सिर्फ 7 गेंदों में 3 चौकों के साथ आतिशी 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सदर्न एक्सप्रेस टीम ने 6 विकेट पर 161 रन का स्कोर बनाया। टीम के लिए परवेज महरूफ ने सर्वाधिक 22 गेंदों पर 3 चौकों और 2 छक्कों के साथ 41 रन की नाबाद पारी खेली। ओपनर दनुष्का गुनाथिलाका ने भी 23 गेंदों में 3 चौकों और एक छक्के के साथ 30 रन की पारी खेली।
नॉर्दर्न ने लायंस को दी शिकस्त
न्यूजीलैंड की टीम नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स ने चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के क्वालीफाइंग मुकाबलों में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए पाकिस्तान की लाहौर लायंस को 72 रन से हराया।
टूर्नामेंट में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की यह लगातार दूसरी जीत है और अब उसका मुख्य ड्रॉ में पहुंचना लगभग तय हो गया है। वहीं, लाहौर लायंस की यह 2 मैचों में पहली हार है।
नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के तेज गेंदबाजों टिम साउदी और ट्रेट बोल्ट की जोड़ी ने 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाहौर टीम के शीर्ष 5 बल्लेबाजों को 19 रन तक पवेलियन भेज दिया। लाहौर टीम 18 ओवर में 98 रन बनाकर सिमट गई।
लाहौर टीम के 10 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। नसीम ने 40 गेंदों में 4 चौकों और एक छक्के के साथ 58 रन की पारी खेली।
वहीं, नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के लिए मैन ‘ऑफ द मैच’ बने साउदी ने 3 जबकि बोल्ट और स्पिनर ईश सोढ़ी ने दो-दो विकेट चटकाए। इससे पहले नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स टीम ने 6 विकेट पर 170 रन बनाए। कप्तान डेनियल फ्लिन ने 30 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों के साथ 53 जबकि बीजे वाटलिंग ने 37 गेंदों पर 7 चौकों और एक छक्के के साथ 53 रन की ही पारी खेली।