टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दो स्थान के सुधार के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
धोनी ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक शतक और एक अर्द्धशतक की मदद से 203.00 के औसत से 203 रन बनाए। धोनी सीरीज में पहले और तीसरे मैच में मैन आफ द मैच रहे थे। तीसरे मैच में तो धोनी को यह पुरस्कार उनकी शानदार कप्तानी के चलते मिला।
सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में वह पाकिस्तान के नासिर जमशेद के बाद दूसरे स्थान पर रहे। मैन आफ द सीरीज जमशेद 45 स्थान की छलांग के साथ करियर की सर्वश्रेष्ठ 31 वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
कोहली एक स्थान फिसलकर तीसरे स्थान पर
सीरीज में बुरी तरह फ्लाप रहे वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और विराट कोहली को रैंकिंग में नुकसान उठाना पडा है। सीरीज में तीन मैचों में कुल जमा 13 रन जुटा सके कोहली एक स्थान फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि गंभीर पांच स्थान फिसलकर 14वें और सहवाग तीन स्थान गिरकर 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं। सुरेश रैना एक स्थान के सुधार के साथ अब 26वें स्थान पर आ गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला पहले स्थान पर बने हुए हैं जबकि उनके हमवतन ए बी डीविलियर्स दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इंग्लैंड के जोनाथन ट्राट और श्रीलंका के कुमार संगकारा एक, एक स्थान फिसलकर क्रमश: पांचवें और छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
इशांत शर्मा ने लगाई 24 स्थान की छलांग
तेज गेंदबाज इशांत शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर 24 स्थान की छलांग के साथ वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में 72वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इशांत ने तीन मैचों में सात विकेट लिए। लेकिन आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन दो स्थान फिसलकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत के खिलाफ सीरीज में सर्वाधिक आठ विकेट लेने वाले पाकिस्तान के आफ स्पिनर सईद अजमल पहले स्थान पर बने हुए हैं जबकि उनके हमवतन मोहम्मद हफीज ने दूसरा स्थान बरकरार रखा है। वेस्टइंडीज के अबूझ स्पिनर सुनील नारायण तीसरे और दक्षिण अफ्रीका के लोनवाबो सोतसोबे चौथे स्थान पर बने हुए हैं। मोर्न मोर्कल अश्विन की जगह पांचवें स्थान पर आ गए हैं।
टीम रैंकिंग में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ 1-2 से सीरीज गंवाने के बावजूद तीसरे नंबर पर बनी हुई है लेकिन उसे चार रेटिंग अंकों का नुकसान हुआ है। टीम के अब 117 रेटिंग अंक हैं। इंग्लैंड 121 अंकों के साथ पहले और दक्षिण अफ्रीका इतने ही अंकों के साथ दूसरे नंबर पर बना हुआ है।