विदेशी धरती पर पिछले 10 में से नौ टेस्ट हारने वाली टीम इंडिया के कप्तान धोनी ने न्यूजीलैंड की धरती पर कदम रखते ही जोर की दहाड़ लगाई है।
भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि वह 19 जनवरी से शुरू होने वाली आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज में मेजबान न्यूजीलैंड टीम को हल्के में नहीं लेंगे। टीम इंडिया सोमवार को वनडे के अलावा दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड पहुंची है।
नेपियर में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए विश्व की नंबर वन वनडे टीम के कप्तान ने कहा, "न्यूजीलैंड एक बढ़िया टीम है। उनके पास अच्छे गेंदबाज हैं और उनका हालिया प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है खासतौर पर घरेलू मैदानों पर। भारतीय टीम चार साल के बाद न्यूजीलैंड के दौरे पर है।
उन्होंने आगे कहा, "वे यहां की परिस्थितियों को हमसे ज्यादा अच्छी तरह से जानते हैं और जो खिलाड़ी यहां नहीं खेले हैं उनके लिए आगामी सीरीज एक बड़ी चुनौती होगी। हम न्यूजीलैंड को हल्के में नहीं ले रहे हैं। हम जानते हैं कि उनके अनुभवी खिलाड़ी काफी खतरनाक हैं और वे अपने दम पर मैच जिता सकते हैं।"
पढ़ें- लग गई लॉटरी, एक कैच करने पर मिले 53 लाख रुपए!
इस बीच धोनी ने कहा कि 2015 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वर्ल्ड कप को देखते हुए यह दौरा अनुभव हासिल करने के लिए उनके साथी खिलाड़ियों के लिए काफी अच्छा रहेगा।
उन्होंने कहा, "इससे हमें काफी अनुभव हासिल होगा। यहां के ग्राउंड थोड़े अलग आकार के हैं और ऐसे में यहां फील्डिंग पोजिशन को लेकर काफी मुश्किल होती है। आमतौर पर आप जिस तरह से फील्डिंग सजाते हैं उसके मुकाबले यहां फील्डिंग सजाना थोड़ा मुश्किल होता है।"
पढ़ें- डेल स्टेन ने दिखाया था मैदान पर कुंबले जैसा साहस
साथ ही कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उम्मीद जताई कि इस दौरे पर उनके गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहेगा।
धोनी ने कहा, "मैं अपने गेंदबाजों से काफी खुश हूं। वास्तव में काफी कुछ परिस्थितियों पर निर्भर करता है लेकिन यदि विकेट तेज गेंदबाजों के अनुकूल हुए तो हम ऐसे गेंदबाज टीम में शामिल करेंगे जो नई बॉल से ज्यादा से ज्यादा विकेट हासिल कर सके।"