जैसे ही धोनी ने शुक्रवार को अपना 42वां जन्मदिन मनाया, जडेजा ने ट्विटर पर आईपीएल 2023 फाइनल की एक विशेष तस्वीर के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। फाइनल के बाद धोनी को गले लगाते हुए एक तस्वीर के कैप्शन में जडेजा ने लिखा, "2009 से लेकर आज तक और हमेशा के लिए आप मेरा प्रेरणा रहेंगे। आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं माही भाई। जल्द ही सीएसके में मिलते हैं।"
वहीं, हार्दिक ने धोनी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- हैप्पी बर्थडे मेरे पसंदीदा माही।
बीसीसीआई ने भी धोनी के लिए 70 सेकंड का स्पेशल वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में धोनी ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए दिख रहे हैं। बोर्ड ने कैप्शन में लिखा- कैप्टन, लीडर, लीजेंड। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और इस खेल की शोभा बढ़ाने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक एमएस धोनी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यहां सभी प्रशंसकों के लिए जन्मदिन का उपहार है। विंटेज एमएसडी का 70 सेकंड का वीडियो। सचिन तेंदुलकर ने भी धोनी को बर्थडे विश किया। उन्होंने लिखा- आप हमेशा अपने हेलीकॉप्टर शॉट्स की तरह ही ऊंचा उड़ता रहे हैं।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने लिखा, "भगवान आप पर अनंत आशीर्वाद बनाए रखें। जन्मदिन मुबारक हो। जन्मदिन मुबारक हो धोनी भाई।" वहीं, ऋषभ पंत ने धोनी के बर्थडे पर केक काटा। उन्होंने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- माही भाई आप तो हो नहीं पास, लेकिन आपके लिए केट काट लेता हूं। हैप्पी बर्थडे।
टीम इंडिया और सीएसके में धोनी के पूर्व साथी सुरेश रैना ने लिखा, "मेरे बड़े भाई धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं! पिच साझा करने से लेकर अपने सपने साझा करने तक, हमने जो बॉन्ड बनाया है वह अटूट है। एक लीडर और एक दोस्त के रूप में आपकी ताकत मेरी मार्गदर्शक रही है। आने वाला साल आपके लिए खुशी, सफलता और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। चमकते रहो, नेतृत्व करते रहो और अपना जादू फैलाते रहो धोनी।''
टीम इंडिया से 2021 टी20 वर्ल्ड कप खेल चुके और धोनी की देखरेख में बढ़े मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लिखा- थैंक यू माय लीडर, माय लीजेंड। वहीं, मयंक अग्रवाल ने धोनी को याद करते हुए एक अंग्रेजी कविता लिखी है। सीएसके ने भी धोनी को विश किया है।
युजवेंद्र चहल ने भी धोनी के साथ तस्वीर शेयर की है। वहीं, चहल की पत्नी धनश्री ने स्पेशल मैसेज लिखा है। उन्होंने लिखा- हैप्पी बर्थडे माही भाई! एमएसडी धोनी थाला...कुछ शब्द जो बहुत सारी भावनाएं जगाती हैं। हमें यह सिखाने के लिए धन्यवाद कि चुनौतियां बाधाएं नहीं हैं बल्कि विकास के अवसर हैं। आप हमारी सच्ची प्रेरणा हैं।
वहीं, फैंस ने भी धोनी का बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। हैदराबाद और आंध्र प्रदेश के नंदीगाम में धोनी को बड़े-बड़े कट आउट लगाए गए हैं। हैदराबाद में लगाया गया कट आउट 52 फीट ऊंचा है और उसमें वह भारतीय जर्सी में हैं, तो नंदीगाम में लगाया गया कट आउट 77 फीट ऊंचा है और इसमें माही चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में दिख रहे हैं। इतना ही नहीं नंदीगाम में लोगों ने कट आउट को दूध से भी नहलाया।
एमएस धोनी को सर्वकालिक महान भारतीय कप्तानों में से एक और सीमित ओवरों के क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। वह आईसीसी द्वारा आयोजित सभी तीन व्हाइट बॉल टूर्नामेंट- टी20 विश्व कप, विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने भारत को 2007 टी20 विश्व कप खिताब दिलाया, जो टीम के कप्तान के रूप में उनका पहला कार्यभार था।
इसके बाद वह 1983 में कपिल देव के बाद दूसरे भारतीय बने जिन्होंने टीम को 2011 में वनडे विश्व कप खिताब दिलाया। इसके बाद उन्होंने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत को जीत दिलाई। यह तकनीकी रूप से भारत की दूसरी चैंपियंस ट्रॉफी थी। 2002 में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी खिताब को श्रीलंका के साथ साझा किया था। 2009 में जब भारत पहली बार टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा तो धोनी भी कप्तान थे।
ट्रॉफी के साथ चेन्नई की टीम
- फोटो : IPL/BCCI
धोनी आईपीएल के इतिहास में भी सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। वह पहले आईपीएल सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और उन्होंने टीम को रिकॉर्ड पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं। टी20 लीग में कप्तान के रूप में सर्वाधिक खिताब जीतने का रिकॉर्ड उनके अलावा मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा के नाम है। इसके अलावा धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम सिर्फ दो बार प्लेऑफ यानी अंतिम-चार में नहीं पहुंची है। बाकी हर सीजन में सीएसके की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रहती है।
धोनी को सीमित ओवरों के क्रिकेट के इतिहास में महान फिनिशरों में से एक माना जाता है। 2014 में टेस्ट से अचानक संन्यास लेने से पहले उन्होंने 90 मैच खेले, जिसमें 38.09 की औसत से छह शतक और 33 अर्द्धशतक के साथ 4876 रन बनाए। उनके 294 शिकार टेस्ट क्रिकेट में किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा और कुल मिलाकर पांचवें सबसे ज्यादा हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ मार्क बाउचर, एडम गिलक्रिस्ट, इयान हीली और रॉडनी मार्श हैं। वनडे में धोनी ने 350 मैचों में 50.57 की औसत से 10 शतक और 73 अर्धशतक के साथ 10,773 रन बनाए। धोनी ने भारत के लिए 98 टी20 खेले, जिसमें 126.13 के स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतकों के साथ 1617 रन बनाए।