वर्ल्ड कप जैसे बड़े खेल आयोजनों में जहां खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की आस होती है तो वहीं अंपायरों से अपेक्षा होती है कि वह पक्षपात से ऊपर उठकर सही और सटीक निर्णय दें। अंपायर ही मैच में एक तरह से मैच के नियंता होते हैं लेकिन कैनबरा में दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के बीच खेला गया वर्ल्ड कप का 24वां मैच अंपायरों के लिए अच्छा नहीं रहा।
यह मैच दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहद खास रहा क्योंकि उसने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टूर्नामेंट में अफ्रीकी टीम का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उसने दूसरी बार वर्ल्ड कप में 400 के आंकड़े को पार किया है। दिलचस्प यह है कि उसने पिछले ही मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 408 रनों का पहाड़ खड़ा किया था। वनडे क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी टीम ने लगातार 2 मैचों में 400 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान हाशिम अमला ने सबसे कम पारियों में 20वां शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया। उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ा। वहीं तेज गेंदबाज डेल स्टेन का यह 100वां वनडे मैच था जिसमें उन्होंने 2 विकेट चटकाए।
मैदान पर जहां अफ्रीकी खिलाड़ियों का जलवा दिखा वहीं अंपायरों ने आज जिस तरह का प्रदर्शन किया उसने आईसीसी को चिंतित जरूर कर दिया होगा। अंपायरों का यह प्रदर्शन अब तक के इतिहास में सबसे शर्मसार प्रदर्शन बन गया।