बल्लेबाजी पर खास फोकस
मोर्कल ने खासतौर पर बल्लेबाजी विभाग में सुधार पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'अगर हम बल्लेबाजी से शुरुआत करें तो क्या हम कठिन परिस्थितियों में थोड़ा बेहतर तरीके से स्ट्राइक रोटेट कर सकते हैं? क्या हम साझेदारियों को थोड़ा बचा सकते हैं? क्योंकि नए बल्लेबाज के लिए यहां शुरुआत करना काफी मुश्किल होता है लेकिन फिर भी आक्रामक मानसिकता बनाए रखनी चाहिए।' उन्होंने माना कि अब तक केवल अभिषेक शर्मा ने दबाव में आक्रामक बल्लेबाजी दिखाई है, जबकि बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन प्रेरणादायक नहीं रहा।
गेंदबाजी में भी सुधार की जरूरत
मोर्कल ने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, 'गेंदबाजी के दृष्टिकोण से विशेष रूप से शुरुआती छह या 10 ओवरों के बारे में बात करें। हम अपनी लेंथ, अपनी सटीकता, अपनी सोच और गेंद को हाथ में लेकर कैसे सुधार कर सकते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'बीच के ओवरों में शायद एक-दो यॉर्कर डाली जा सकती हैं। मुझे लगता है कि चलन यह रहा है क्योंकि विकेट थोड़ा धीमा है इसलिए गति कम होती है।'
दबाव झेलने में सक्षम टीम
मोर्कल का मानना है कि यह भारतीय टीम दबाव झेलने में सक्षम है और फाइनल में इसे साबित करेगी। उन्होंने कहा, 'मेरा मतलब है कि लड़कों के पास सभी तरह का कौशल है। उन्होंने काफी मैच खेले हैं लेकिन मुझे लगता है कि जब हम पर थोड़ा दबाव हो तो हमें अपनी सोच में और स्पष्टता लानी होगी।' उन्होंने यह भी जोड़ा, 'हमारे पास सभी योजनाएं हो सकती हैं लेकिन हमें उन्हें बेहतर ढंग से लागू करने की जरूरत है।'
मोर्कल ने साफ संकेत दिया कि फाइनल में भारत को बल्लेबाजी में साझेदारी बनाने, स्ट्राइक रोटेट करने और गेंदबाजी में अधिक सटीकता के साथ उतरने की जरूरत है। टीम के पास स्किल और अनुभव दोनों मौजूद हैं, बस उन्हें सही समय पर पूरी तरह लागू करना होगा।