विश्व कप क्रिकेट 2019 में भारत के हाथों करारी शिकस्त के बाद जैसे पाकिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल थमने का नाम नहीं ले रहा। पूर्व टेस्ट बल्लेबाज और मुख्य कोच रहे मोहसिन खान विश्व कप के बाद मुख्य चयनकर्ता या राष्ट्रीय टीम के मैनेजर के रूप में पाकिस्तान क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।
इसके पहले देश के दो बड़े न्यूज चैनलों की रिपोर्ट में कहा गया था कि मुख्य चयनकर्ता इंजमाम-उल-हक और उनके तीन सहयोगियों का हटाया जाना तय हो चुका है। इसके अलावा हेड कोच मिकी आर्थर, उनके सहयोगी गेंदबाजी कोच अजहर महमूद और बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लॉवर की भी छुट्टी होने वाली है। कुछ मिलाकर पीसीबी में शुरू से आखिर तक बदलाव होने वाले हैं।
मोहसिन इससे पहले टीम के मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता भी रह चुके हैं। उन्होंने हाल में पीसीबी क्रिकेट समिति से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि मोहसिन को विश्व कप के बाद महत्वपूर्ण पद सौंपा जा सकता है।
सूत्रों की माने तो मोहसिन को विश्व कप के बाद पाकिस्तानी टीम का मुख्य चयनकर्ता या टीम मैनेजर बनाने पर विचार किया जा रहा है। मोहसिन 2010 और 2011 में मुख्य चयनकर्ता थे। इसके बाद पीसीबी ने उन्हें अंतरिम मुख्य कोच बनाया था।