टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) एक ऐसे गेंदबाज को टीम में शामिल करने किया है जो बाकियों के लिए मुसीबत साबित होगा।
वॉर्म-अप मैच में चोटिल हुए थे राणा
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले में हर्षित को घुटने में चोट लगी थी। अब टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। हर्षित राणा अब तक भारतीय टीम के लिए नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इन नौ मैचों में उन्होंने नौ विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/33 रहा है।
पहले भी मिला था सिराज को मौका
अब बीसीसीआई ने मोहम्मद सिराज को टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनाया है। वह पहले भी विश्व कप 2024 के लिए चुने गए स्क्वॉड में शामिल थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला था। हालांकि, अब वह बुमराह के साथ भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा होंगे। सिराज ने पिछला टी20 30 जुलाई, 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। भारतीय टेस्ट टीम के अहम गेंदबाज सिराज ने 16 मैचों में 32.28 की औसत से 14 विकेट लिए हैं, जिसमें उनकी इकोनॉमी 7.79 और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 रहा है।
पाकिस्तान ने किया भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का एलान
सात फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आठ मार्च को खेला जाएगा। इस दौरान कुल 55 मैच खेले जाएंगे। इनमें ग्रुप स्टेज के 40 मैच, सुपर-8 के 12 मैच, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल शामिल हैं। बांग्लादेश को बाहर कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में एंट्री दी और टूर्नामेंट का अपडेटेड शेड्यूल जारी किया। बांग्लादेश ग्रुप सी में था और स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में रखा गया। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले क्रिकेट के इस महाकुंभ में कई हाईवोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे। हालांकि, पाकिस्तान ने 15 फरवरी को टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले से पीछे हटने का फैसला किया। उस दिन भारत और पाकिस्तान का मैच कोलंबो में होना था, लेकिन पीसीबी ने इस मैच के बहिष्कार का एलान किया।
भारत की अपडेटेड टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज।