भारतीय टीम के अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी ने गुरुवार को अपनी बेटी आयरा शमी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर आयरा की तस्वीरें साझा कीं और खास मैसेज लिखा। बता दें कि, आयरा अपनी मां हसीन जहां के साथ रहती हैं। हसीन और शमी अलग-अलग रहते हैं और दोनों का तलाक के लिए कोर्ट में केस चल रहा है।
'जन्मदिन मुबारक हो बेटा'
शमी ने अपने इंस्टा हैंडल से बेटी आयरा की तमाम तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ उन्होंने खास मैसेज भी लिखा है। शमी ने लिखा- 'प्यारी बेटी, मुझे आज भी वो सारी रातें याद हैं जब हम जागे, बातें कीं, हंसे और खास तौर पर तुम्हारा डांस। यकीन नहीं हो रहा कि तुम इतनी जल्दी बड़ी हो रही हो। मैं तुम्हारे लिए जिंदगी में बस अच्छी चीजे चाहता हूं। ईश्वर तुम्हें हमेशा प्यार, शांति, खुशी और अच्छी सेहत प्रदान करे। जन्मदिन मुबारक हो।'
शमी और हसीन जहां
- फोटो : ANI
पत्नी को 1.5 लाख और बेटी को 2.5 लाख रुपये प्रतिमाह देंगे शमी
भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शमी को निर्देश दिया कि वह हसीन जहां और बेटी को उनके साथ चल रही कानूनी लड़ाई के दौरान हर महीने चार लाख रुपये गुजारा भत्ता दें। उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजय कुमार मुखर्जी द्वारा पारित आदेश में कहा गया है, 'मेरे विचार से, याचिकाकर्ता नंबर एक (हसीन जहां) को 1,50,000 रुपये प्रति माह और उसकी बेटी को 2,50,000 रुपये की राशि मामले का निपटारा होने तक दोनों याचिकाकर्ताओं के लिए वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उचित होगा।' आदेश में कहा गया है, 'हालांकि याचिकाकर्ता के बच्चे के संबंध में पति/विपरीत पक्ष (शमी) को हमेशा स्वेच्छा से उसकी शिक्षा और/या अन्य उचित खर्चों में उपरोक्त राशि के अतिरिक्त सहायता करने की स्वतंत्रता होगी।'