टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी शनिवार को श्रीलंका के पहले टेस्ट के तीसरे दिन लंगड़ाते हुए स्टेडियम से बाहर चले गए। उन्होंने अपना ओवर भी पूरा नहीं किया, जिसे कप्तान विराट कोहली ने पूरा किया।
दरअसल, शमी को हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की समस्या हुई। इसके बाद वो गेंदबाजी नहीं कर सके और ड्रेसिंग रूम में चले गए। शमी के चोटिल होने से टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ गई हैं। श्रीलंकाई पारी के 46वें ओवर में गेंदबाजी के दौरान मोहम्मद शमी की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया, जिसके कारण वो इस ओवर में सिर्फ पांच गेंदें ही डाल सके। ओवर की अंतिम गेंद कप्तान विराट कोहली ने की।
मोहम्मद शमी टीम के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट के साथ लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए थे, जिससे टीम इंडिया की चिंताएं और भी बढ़ गई हैं। कोलकाता टेस्ट में भारतीय टीम पहले से ही मुश्किल में है ऐसे में वह अपने एक गेंदबाज को नहीं खो सकते हैं।
आपको बता दें कि श्रीलंका ने कोलकाता टेस्ट के तीसरे दिन अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। श्रीलंका की टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 45।4 ओवर में 4 विकेट गंवा कर 165 रन बना लिए हैं। स्टंप्स तक दिनेश चंडीमल 13 और निरोशन डिकवेला 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। मेहमान टीम अभी टीम इंडिया की पहली पारी के स्कोर 172 रनों से 7 रन पीछे है। इससे पहले पांच विकेट के नुकसान पर 74 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम कुल 172 रन ही बना सकी।