आईसीसी ने आक्रामकता दिखाने के लिए सिराज को सजा दी है। उस आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए सिराज पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट अंक दिया गया है।
लॉर्ड्स टेस्ट रोमांचक मोड़ पर है। आज पांचवें दिन भारत को 135 रन और बनाने हैं, जबकि उसके छह विकेट बचे हैं। चौथे दिन टीम इंडिया ने इंग्लैंड की दूसरी पारी को 192 रन पर समेट दिया था। मोहम्मद सिराज ने बेन डकेट को आउट करने के बाद आक्रामक तरीके से जश्न मनाया था और गुस्से में डकेट सिराज को टक्कर मार कर गए। दोनों का कंधा लड़ा था। अब आईसीसी ने आक्रामकता दिखाने के लिए सिराज को सजा दी है। उस आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए सिराज पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट अंक दिया गया है।
विज्ञापन
सिराज ने किया आईसीसी के नियमों का उल्लंघन?
लॉर्ड्स टेस्ट में चार विकेट लेने वाले सिराज को आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर किसी खिलाड़ी द्वारा अमर्यादित भाषा का उपयोग करने या फिर व्यवहार या हाव-भाव का अपमान करने या फिर उसे आक्रामक प्रतिक्रिया देने और उकसाने से संबंधित है।
सिराज ने रविवार को इंग्लैंड की दूसरी पारी में डकेट को 12 रन पर आउट करने के बाद उन्हें आक्रामक तरीके से विदा किया था। इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में 62.1 ओवर में 192 रन पर ऑल आउट हो गई। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने चार विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। टीम जीत से 135 रन दूर है।
आईसीसी ने बयान में क्या कहा?
आईसीसी ने एक बयान में कहा, 'लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मोहम्मद सिराज पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।' बयान में आगे कहा गया, 'आउट होने के बाद, सिराज ने अपने फॉलो-थ्रू में बल्लेबाज के करीब जाकर जश्न मनाया। जब डकेट ड्रेसिंग रूम की ओर वापस जाने लगे थे तो उनका कंधा डकेट से टकराया।'
आईसीसी ने बताया, 'जुर्माने के अलावा, सिराज के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। 24 महीने की अवधि में यह उनका दूसरा अपराध था, जिससे उनके डिमेरिट अंकों की संख्या दो हो गई है।' जब कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या उससे अधिक डिमेरिट अंक प्राप्त करता है, तो उन्हें निलंबन अंकों में बदल दिया जाता है और खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है।
डकेट के अलावा सिराज ने पोप को आउट किया
डकेट को आउट करने के बाद सिराज ने ओली पोप को चार रन पर आउट किया था। इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में जो रूट ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वहीं, सिराज और बुमराह को दो-दो विकेट मिले। नीतीश रेड्डी और आकाश दीप को एक-एक विकेट मिला। भारत ने अपनी दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, शुभमन गिल और आकाश के विकेट गंवा दिए हैं।