भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। शमी टीम के अनुभवी गेंदबाज हैं और उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी। शमी ने इस दौरान एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह सबसे कम गेंदों पर वनडे में 200 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। शमी ने यह उपलब्धि 5126 वनडे गेंदों पर हासिल की।
दिग्गजों को पीछे छोड़ने में सफल रहे शमी
शमी ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ा जिन्होंने 5240 गेंदों पर 200 वनडे विकेट पूरे किए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर सकलेन मुश्ताक हैं जिन्होंने 5451 गेंदों पर यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि ब्रेट ली और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने क्रमशः 5640 और 5783 गेंदों पर 200 विकेट पूरे किए थे।
मुश्ताक की बराबरी पर पहुंचे शमी
गेंद के मामले में भले ही शमी सबसे तेजी से 200 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बने, लेकिन मैच के मामले में स्टार्क सभी से आगे हैं। स्टार्क ने 102 मैचों में 200 विकेट पूरे किए थे, जबकि शमी ने यह कारनामा 104 मैचों में पूरा किया। उन्होंने सकलेन मुश्ताक की बराबरी कर ली जिन्होंने 104 मैच में ही 200 वनडे विकेट पूरे किए थे।
चैंपियंस ट्रॉफी में किसी भारतीय गेंदबाज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच में 53 रन देकर पांच विकेट लिए जो चैंपियंस ट्रॉफी में किसी भारतीय गेंदबाज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस टूर्नामेंट में भारत के लिए गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन का रिकॉर्ड रवींद्र जडेजा के नाम है। जडेजा ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 36 रन देकर पांच विकेट लिए थे। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1998 में 38 रन देकर चार विकेट लिए थे और वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
जहीर खान को पीछे छोड़ा
शमी ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर जहीर खान को पीछे छोड़ा दिया है। शमी विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। शमी के इन दोनों टूर्नामेंट में मिलाकर 60 विकेट हो गए हैं। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान के नाम विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में 59 विकेट हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर जवागल श्रीनाथ हैं जिन्होंने इन दोनों टूर्नामेंट में 47 विकेट लिए हैं। जडेजा के नाम 43 विकेट हैं।
अगरकर से आगे निकले
शमी भारत के लिए सबसे तेजी से 200 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। लंबे समय तक चोट से दूर रहने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए शमी ने अपने 104वें मैच में 53 रन देकर पांच विकेट चटकाए और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 133 मैच में यह मुकाम हासिल किया था। शमी का 200वां विकेट जाकिर अली थे जिन्होंने 68 रन बनाए। भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक शमी का वनडे प्रारूप में औसत 25 से कम है और वह पहले ही पांच बार पांच विकेट और 10 बार चार विकेट ले चुके हैं। 34 वर्षीय शमी वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने वाले आठवें भारतीय हैं।