पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी क्रिकेटर मोहम्मद हफीज कोरोना की जांच में एक बार फिर पॉजिटिव निकले। इससे पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। पॉजिटिव, निगेटिव और पॉजिटिव।
कोरोना वायरस के बदलती जांच रिपोर्ट से हफीज बड़ी मुसीबत में फंसते दिख रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड क्वारंटीन प्रोटोकॉल तोड़ने के लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है।
इससे पहले मंगलवार को हफीज और वहाब रियाज इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में चुने गए उन दस खिलाड़ियों में शामिल थे, जिनके कोविड-19 के लिए किए गए परीक्षण 'पॉजिटिव' आए थे। टीम को टेस्ट और टी-20 मैचों की श्रृंखला के लिए रविवार को इंग्लैंड रवाना होना है।
हफीज को बोर्ड द्वारा कराए गए पहले दौर के टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। रविवार को इंग्लैंड दौरे पर रवाना हो रहे 29 खिलाड़ियों का टेस्ट कराया गया था। हफीज के अलावा नौ खिलाड़ियों और एक अधिकारी का नतीजा पॉजिटिव आया था।
अगले ही दिन हफीज ने एक ट्वीट में निजी चिकित्सा केंद्र की रिपोर्ट पोस्ट की जिसमें नतीजा निगेटिव था। बोर्ड पृथकवास में रहने से हफीज के इनकार से पहले ही खफा है। बोर्ड के सूत्रों के अनुसार शौकत खानम अस्पताल में हफीज का फिर से टेस्ट हुआ जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बोर्ड ने कहा कि वह सभी टेस्ट के नतीजे शनिवार को बताएगा। सूत्र के अनुसार हफीज का टेस्ट अगर पॉजिटिव पाया जाता है तो बोर्ड उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है क्योंकि उसने पृथकवास में जाने की बजाय दूसरा टेस्ट कराया था।