मार्च से भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए पाक टीम की भी घोषणा हो गई। टीम में कई चौंकाने वाले बदलाव हुए हैं। खासकर दागी क्रिकेटर मोहम्मद आमिर को टीम में शामिल किया है। जबकि तेज गेंदबाज उमर गुल टीम से बाहर कर दिए गए हैं।
सोमवार को पाक क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान ने अपने तेवर तल्ख करते हुए कहा था कि अगर भारत द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज के लिए पाक टीम के साथ मैच नहीं कर सकता तो वह पाक टीम को भारत भेजकर कोई जोखिम नहीं ले सकते। हालांकि काफी ना-नुकुर के बाद उन्हेें पाक की 15 सदस्यीय टीम की घोषणा करनी पड़ी।
टीम के कप्तान शाहिद आफरीदी ही हैं। वहीं, खराब फॉर्म से जूझ रहे उपकप्तान शहजाद अहमद को टीम में जगह नहीं मिल सकी। शहजाद की पाक में बड़ी फैन फॉलोशिप है। शहजाद की जगह नए चेहरे खुर्रम मंजूर को शामिल किया गया है। इस बल्लेबाज ने 40 के स्ट्राइक रेट से पिछले 14 घरेलु टी-20 मुकाबलों में सिर्फ 131 रन बनाए हैं।