सोशल मीडिया पर इन दिनों पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आमिर से आईपीएल में खेलने की संभावना को लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर उन्होंने पहली बार प्रतिक्रिया दी। वायरल वीडियो में आमिर कहते हैं, 'मैं 2027 में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में ओवरसीज खिलाड़ी के तौर पर खेलूंगा। जहां तक आईपीएल की बात है, अभी मैं इस पर कुछ नहीं कह सकता।' आमिर का यह बयान ऐसे समय आया है जब ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उनके आईपीएल में खेलने की संभावनाओं को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, उन्होंने फिलहाल किसी भी तरह की पुष्टि या इनकार नहीं किया है।
कैसे मिली ब्रिटिश नागरिकता?
मोहम्मद आमिर को हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता मिली है। उनकी पत्नी ब्रिटेन की नागरिक हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आमिर भी ब्रिटिश नागरिक बन गए। इसके बाद इंग्लैंड की घरेलू टी20 प्रतियोगिताओं में उनका दर्जा बदल गया है। वह टी20 ब्लास्ट में नॉट्स आउटलॉज और द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए स्थानीय खिलाड़ी के रूप में खेल रहे हैं। अब उन्हें इंग्लिश क्रिकेट में विदेशी खिलाड़ी (ओवरसीज) नहीं माना जाता।
आईपीएल को लेकर बढ़ी चर्चा
ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार यह चर्चा हो रही है कि क्या आमिर भविष्य में आईपीएल का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में उन्होंने साफ किया कि फिलहाल उन्होंने आईपीएल को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
34 वर्षीय मोहम्मद आमिर 2024 टी20 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। पाकिस्तान के लिए उन्होंने 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अब उनका पूरा फोकस दुनिया भर की फ्रेंचाइजी टी20 लीगों में खेलने पर है।