फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MLC 2025: पोलार्ड की तूफानी पारी पर भारी पड़ा डुप्लेसिस का शतक, सुपर किंग्स ने MI को हराया, फाफ टॉप पर पहुंचे

Mon, 30 Jun 2025 11:28 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डलास

सार

टेक्सास सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 223 रन बनाए। जवाब में एमआई न्यूयॉर्क की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 184 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
पोलार्ड और डुप्लेसिस - फोटो : MLC Twitter/Texas Super Kings, MI New York Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेजर लीग क्रिकेट में रविवार को टेक्सास सुपर किंग्स और एमआई न्यूयॉर्क के बीच मुकाबला खेला गया। डलास में खेले गए इस मैच में सुपर किंग्स ने कप्तान फाफ डुप्लेसिस के शतक की बदौलत न्यूयॉर्क को 39 रन से हरा दिया। डुप्लेसिस ने 53 गेंद पर पांच चौके और नौ छक्के की मद से नाबाद 103 रन की पारी खेली। टेक्सास सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 223 रन बनाए। जवाब में एमआई न्यूयॉर्क की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 184 रन ही बना सकी। कीरोन पोलार्ड की 39 गेंद में 70 रन की तूफानी पारी भी बेकार गई।
विज्ञापन

टेक्सास सुपर किंग्स प्लेऑफ में
यह इस सीजन डुप्लेसिस का दूसरा शतक रहा। इससे पहले उन्होंने सेन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ 51 गेंद में 100 रन बनाए थे। इसी के साथ डुप्लेसिस फिलहाल मेजर लीग क्रिकेट के इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अब तक सात पारियों में 52.83 की औसत और 179.10 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए हैं। वहीं, फिन एलेन 305 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। मोनांक पटेल ने सात पारियों में 293 रन बनाए हैं। इसी के साथ टेक्सास सुपर किंग्स ने लगातार तीसरी बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया।

दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह टी20 में 40 की उम्र के बाद दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह कारनामा  टेक्सास सुपर किंग्स और एमआई न्यूयॉर्क मैच में किया। मेजर क्रिकेट लीग मैच के दौरान डुप्लेसिस ने शानदार  शतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने 20 जून को सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ शतक लगाया था।

40 साल की उम्र के बाद टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज
खिलाड़ी टीम खिलाफ साल उम्र
ग्रीम हिक वॉर्सेस्टरशायर नॉर्थेंट्स 2007 41 साल 37 दिन
पॉल कॉलिंगवुड डरहम वॉर्सेस्टरशायर 2017 41 साल 65 दिन
फाफ डु प्लेसिस टेक्सास सेन फ्रांसिस्को 2025 40 साल 342 दिन
फाफ डु प्लेसिस टेक्सास एमआई न्यूयॉर्क 2025 40 साल 351 दिन
जुबैर अहमद क्वेटा बियर बुल्स 2014 40+ साल (सटीक उम्र उपलब्ध नहीं)
इमरान जनत बैंड ई-अमीर ड्रैगन्स काबुल ईगल्स 2019 40+ साल (सटीक उम्र उपलब्ध नहीं)

टेक्सास सुपर किंग्स की पारी
दरअसल, टॉस जीतने के बाद एमआई न्यूयॉर्क के कप्तान निकोलस पूरन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टेक्सास की शुरुआत खराब रही थी और स्मित पटेल तीन रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान डुप्लेसिस और सैतेजा मुक्कामाला ने दूसरे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी निभाई। सैतेजा 18 गेंद में तीन चौके की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। फिर डुप्लेसिस ने मार्कस स्टोइनिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी निभाई। स्टोइनिस 22 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर डुप्लेसिस ने डोनोवन फरेरा के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। फरेरा ने तूफानी बल्लेबाजी की और 20 गेंद में तीन चौके और पांच छक्के की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच डुप्लेसिस ने भी शतक पूरा किया। वह 103 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, सवाज दो रन बनाकर नाबाद रहे। एमआई की ओर से जॉर्ज लिंडे और रुशिल उगरकर को दो-दो विकेट मिले।
विज्ञापन

एमआई न्यूयॉर्क की पारी
224 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई न्यूयॉर्क की टीम की शुरुआत खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। 75 रन तक टीम ने क्विंटन डिकॉक, कप्तान पूरन, मोनांक पटेल और तजिंदर ढिल्लों के विकेट गंवा दिए थे। डिकॉक 25 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 35 रन, पूरन आठ रन, मोनांक छह रन और तजिंदर 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पोलार्ड ने माइकल ब्रेसवेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी निभाई। ब्रेसवेल 20 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद विकेट की झड़ी लग गई। पोलार्ड 39 गेंद में पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 70 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। जॉर्ज लिंडे छह रन, ट्रेंट बोल्ट छह रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रुशिल खाता नहीं खोल सके। एमआई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 184 रन ही बना सकी। टेक्सास की ओर से अकील होसैन ने तीन विकेट लिए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। वहीं, नांद्रे बर्गर और स्टोइनिस को दो-दो विकेट मिले। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें