भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने 2017 महिला वर्ल्ड कप के बाद देशवासियों का शुक्रिया अदा किया है। मिताली ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया, 'मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन पर नाज है और उन सभी समर्थकों का शुक्रिया, जिन्होंने पूरे अभियान के दौरान हमारा हौसला बढ़ाया। हमें देश से बहुत प्यार मिला और 2017 महिला वर्ल्ड कप में लड़कियों के क्रिकेट के लिए अतुलनीय समर्थन मिला।'
भारतीय टीम को 2017 महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में रविवार को इंग्लैंड के हाथों 9 रन की शिकस्त झेलना पड़ी थी। भारतीय टीम एक समय मैच जीतने की प्रबल दावेदार नजर आ रही थी, लेकिन उसके अंतिम 7 विकेट 28 रन के अंतराल में गिर गए और पूरी टीम का पहली बार विश्व चैंपियन बनने का सपना टूट गया। मिताली राज वर्ल्ड कप के अपने आखिरी मैच में 17 रन बनाकर रनआउट हो गई थी।
हालांकि, ओपनर पूनम राउत (86) और हरमनप्रीत कौर (51) ने टीम को संभाला और भारत की मैच पर पकड़ बनाई। मगर अर्धशतक पूरा करने के बाद हरमनप्रीत कौर बाएं हाथ की स्पिनर एलेक्स हार्टले की शिकार बनी और फिर मैच का पासा पलट गया।