टीम इंडिया की महिला कप्तान मिताली राज ने कहा है कि वह 2021 में अपना पांचवा विश्व कप खेल सकती हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह अपनी फॉर्म और फिटनेस पर ध्यान देंगी। अगर उनकी यह दो चीज बरकरार रहीं तो वह आगामी विश्व कप खेल सकती हैं। गौर हो कि इसी साल इंग्लैंड में भारतीय महिला टीम फाइनल में इंग्लैंड से हारकर खिताब जीतने से चूक गई थीं।
2017 के विश्व कप से पहले मिताली राज ने कहा था कि यह उनका अंतिम विश्व कप होगा। लेकिन अब उन्होंने अपने खेलने को लेकर अलग बयान दिया है। मिताली ने कहा कि मैंने अगले विश्व कप में खेलने के विचार को खारिज नहीं किया है। लेकिन अभी मुझे इसकी तैयारी के लिए आगे के तीन साल का इंतजार करना होगा। अगर मैं फिट रही तो मैं निश्चित रूप से खेलूंगी। हालांकि मैं अभी 2018 के टी-20 विश्व कप के बारे में सोच रही हूं।
उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया ने जुलाई के बाद कोई बड़ा मैच नहीं खेला है। उनकी अगली सीरीज आगामी फरवरी माह में होगी। तब भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 से 10 फरवरी के बीच तीन मैचों की सीरीज खेलेगा।