भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने बुधवार को मीडिया से बातचीत की। उन्होंने 2017 महिला वर्ल्ड कप में टीम के प्रदर्शन के बारे में कहा, 'पहले मैच में जीत दर्ज करने से टीम का हौसला बढ़ा और इसके बाद टीम इतने आगे तक गई।'
उन्होंने वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स और चतुष्कोणीय सीरीज में खेलने को लाभकारी करार दिया। मिताली ने कहा कि वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स और चतुष्कोणीय सीरीज में खेलने से टीम की तैयारियां अच्छी हुई, जिसका फायदा महिला विश्व कप में देखने को मिला।
झूलन गोस्वामी ने फाइनल मैच पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा, 'लॉर्ड्स पर खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है। लॉर्ड्स में फाइनल खेलने से हमारा सपना साकार हुआ। वहां दबाव था, लेकिन हमने काफी आनंद उठाया।'
टीम की स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'मैंने डोमेस्टिक और इंटरनेशनल क्रिकेट काफी खेली, लेकिन इतनी लंबी पारी कभी नहीं खेली। मुझे खुशी है कि टीम की जरुरत के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी पारी खेल सकी।' कौर ने साथ ही कहा, 'जिस तरह हमारी टीम खेल रही है उसे देखते हुए ये कहा जा सकता है कि अगले विश्व कप में हमारे लिए कोई लक्ष्य छोटा नहीं होगा।'
भारतीय महिला टीम की ओपनर पूनम राउत ने कहा, 'जब आप खेल रहे होते हैं तो टॉस का कोई भरोसा नहीं होता। पहले या बाद में बल्लेबाजी करने से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमने लक्ष्य का अच्छे से पीछा किया। हालांकि, अंत में हम चूक गए।'