आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के पैर की सर्जरी कर दी गई है। उनको अभ्यास के दौरान काफी गंभीर चोट लग गई थी और सर्जरी के दौरान उनके पैर में 30 टांके लगाने पड़े हैं। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।
सिडनी में बृहस्पितवार को अभ्यास के दौरान 26 वर्षीय गेंदबाज स्टार्क की एक उपकरण से जबर्दस्त भिड़ंत हो गई थी। इसके बाद उनको एंबुलेंस के जरिए पास के सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सर्जरी के बाद स्टार्क को अगले कुछ दिन अस्पताल में ही रहना होगा। उनके पैर पर पट्टी लगी हुई है और यह जब तक हट नहीं जाता तब तक उन्हें वहां रहना होगा।
इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क को टखने की चोट से जूझना पड़ा था जिस कारण उन्हें इस महीने के अंत में दक्षिण अफ्रीका में खेली जाने वाली वनडे सीरीज से आराम दिया गया था। उम्मीद है कि वह तीन सप्ताह के बाद फिर से मैदान पर वापसी करेंगे।