दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और डोनोवान फरेरा आईपीएल 2025 के शेष मुकाबलों के लिए भारत नहीं आएंगे, जबकि इंग्लैंड के ऑलराउंडर लीग चरण के दो मैचों के लिए मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। स्टार्क और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज फरेरा ने दिल्ली कैपिटल्स के टीम प्रबंधन को अपने फैसले के बारे में बता दिया है। स्टार्क का बाहर होना दिल्ली के लिए झटका है क्योंकि उन्होंने इस सीजन 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे।
प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं होंगे स्टब्स
फरेरा ने इस सीजन दिल्ली के लिए सिर्फ एक मुकाबला खेला था। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के एक अन्य खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स लीग चरण के शेष तीन मुकाबलों के लिए दिल्ली टीम के साथ जुड़ गए हैं। अगर दिल्ली की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करती है तो वह उपलब्ध नहीं होंगे। हालांकि, फाफ डुप्लेसिस की उपलब्धता पर संशय बरकरार है।
पंजाब से जुड़ेंगे स्टोइनिस-इंग्लिस
पंजाब किंग्स के मार्कस स्टोइनिस और जोश इंग्लिस टीम से जुड़ने के लिए तैयार हो गए हैं, लेकिन वह 18 मई को टीम के मुकाबले में नहीं खेल सकेंगे। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज जैक्स ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर मुंबई की फ्लाइट टिकट की तस्वीर पोस्ट करके अपनी वापसी की पुष्टि की। लेकिन हमवतन जोस बटलर की तरह जैक्स मुंबई इंडियंस के अंतिम दो लीग मैच खेलने के बाद राष्ट्रीय टीम की प्रतिबद्धता के के लिए रवाना हो जाएंगे क्योंकि आईपीएल के प्लेऑफ वेस्टइंडीज के खिलाफ 29 मई से शुरू हो रही इंग्लैंड की सफेद गेंद की सीरीज से टकरा रहे हैं।
मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए उसे अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण आईपीएल को एक सप्ताह के स्थगित करने बाद 17 मई से फिर शुरू किया जाएगा जिससे अब आईपीएल फाइनल तीन जून को होगा।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: लीग चरण के बाद टीमों को होगी दिक्कतें, वापस लौट जाएंगे इन टीमों के ये विदेशी खिलाड़ी; देखें सूची
तीन लीग मैच खेलने के लिए मुस्तफिजुर को मिली एनओसी
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को यूएई के खिलाफ शनिवार को शारजाह में पहला टी20 मैच खेलने के बाद 18 से 24 मई तक आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने की अनुमति दे दी है। रहमान को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क की जगह टीम में शामिल किया गया है। दिल्ली का सामना रविवार को गुजरात टाइटंस से होगा। बीसीबी ने बयान में कहा, बीसीबी क्रिकेट के फैसले के अनुसार बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल के बाकी मैचों में 18 से 24 मई तक खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दी है।