पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक बार फिर कमजोर जिम्बाब्वे के हाथों वनडे क्रिकेट में हार का मुंह देखना पड़ा है लेकिन उसे इस हार में भी एक खुशी मिली है।
दो ट्वंटी-20 मैचों में पाकिस्तान के हाथों हार के बाद जिम्बाब्वे ने वनडे सीरीज के पहले ही मैच में पलटवार कर दिया और सात विकेट से यह मैच जीत लिया।
तीन मैचों की सीरीज में मेजबान टीम पाक से 1-0 से आगे भी हो गई है।
हालांकि हार के बावजूद एक बार फिर पाक कप्तान मिस्बाह उल हक के लिए यह मैच यादगार साबित हुआ। इस मैच में पाक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था।
लचर शुरुआत से ऐसा लग रहा था कि पाक बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाएगा, लेकिन कप्तान मिस्बाह ने एक छोर संभालते हुए अविजित अर्धशतकीय पारी खेली। अंतिम ओवर में तो उन्होंने दो छक्के भी लगाए।
पाक की ओर से जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे मिस्बाह ने 83 रनों की पारी खेलते हुए एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया।
मिस्बाह (891) इस साल वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सूची में पहले पायदान पर आ गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा (883) को इस मामले में पीछे छोड़ा।
40 साल के होने जा रहे इस बल्लेबाज ने पिछली 10 वनडे पारियों में सात अर्द्धशतक लगाए हैं। हालांकि अर्द्धशतक लगाने में माहिर मिस्बाह के नाम एक और रिकॉर्ड पुख्ता होता जा रहा है।
वह वनडे क्रिकेट में एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिसके खाते में रिकॉर्ड 30 अर्द्धशतक होने के बावजूद एक भी शतक नहीं है।