भारत के खिलाफ श्रंखला जीतने से पाकिस्तान के कप्तान मिसबाह उल हक उत्साहित जरूर हैं लेकिन उनके पैर पूरी तरह से जमीन पर हैं। यही कारण है कि फिरोजशाह कोटला पर तीसरे वन डे से पहले उनके मुंह से यही निकला अब तक टीम जैसा खेली है यहां उससे भी बेहतर करने की कोशिश करेगी।
कहने का मतलब है मिसबाह की निगाहें 3-0 से श्रंखला जीतने पर हैं। मिसबाह ने रविवार को टीम में खास परिवर्तन के संकेत नहीं दिए। हालांकि उन्होंने कहा कि खेल के तीनों ही विभागों ने उनकी टीम ने भारतीय टीम को पटखनी दी है। लेकिन तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर वह भी हैरान हैं। दौरे से पहले उन्हें लगता था कि उनका स्पिन विभाग मजबूत है।
लेकिन उनके तेज गेंदबाजों ने यहां शानदार गेंदबाजी की है। मिसबाह को यहां का विकेट पिछले दोनों विकेटों के मुकाबले रनों से भरा नजर आ रहा है। रही ठंड की बात तो लाहौर में इस तरह के हालातों में खेले गए मुकाबले यहां उनके लिए मददगार साबित होंगे। मिसबाह खुलासा करते हैं कि इस दौरे से पहले लाहौर में इंजमाम उल हक की ओर से बताई गईं बातें और ट्रेनिंग सत्र टीम के लिए फायेदमंद रहा है।
उन्होंने उम्मीद की कि दोनों देशों के बीच इस तरह से श्रंखलाएं चलती रहेंगी। यह और भी अच्छा रहेगा कि भारत अगर उनके देश में आकर खेलेगा। भारतीय टीम की मुश्किलों से मिसबाह भी वाकिफ हैं। इनसे निपटने का गुरु मंत्र उनके पास है जिसे उनकी टीम भी अपना रही है, वह है कठिन मेहनत। मिसबाह कहते हैं भारतीय टीम का बेड़ा पार सिर्फ कठिन मेहनत करा सकती है।