वर्ल्ड कप में खेलने हर खिलाड़ी का सपना होता है और वह चाहता है कि अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी टीम को वर्ल्ड चैंपियन तक बना दे लेकिन सैकड़ों खिलाड़ियों से महज 11-15 खिलाड़ी ही किस्मत वाले होते हैं जो अपनी टीम को अंत तक ले जाते हैं और चैंपियन का तमगा हासिल करते हैं।
इस बार खिताबी जंग 2 मेजबान टीमों ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को खेला जाना है। दोनों टीमें इस महामुकाबले की तैयारियों में जुटी हैं। लेकिन यह फाइनल अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बेहद खास होने वाला है क्योंकि उसके कप्तान माइकल क्लार्क ने ऐलान कर दिया है कि वह खिताबी मुकाबले के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। अब टीम उन्हें उनकी शानदार विदाई वर्ल्ड कप के साथ देना चाहेगी।
हर बार की तरह इस बार भी वर्ल्ड कप कई बड़े सितारों के क्रिकेट करियर का अंतिम पड़ाव बना। वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले कई बड़ी टीमों के खिलाड़ियों जैसे पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह-उल-हक, अनुभवी बल्लेबाज यूनुस खान और शाहिद अफरीदी के अलावा श्रीलंका के महान बल्लेबाजों कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने ने भी वनडे से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। लेकिन ये टीम खिताब के साथ अपने सुपर स्टार खिलाड़ियों को विदाई नहीं दे सका। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या कंगारू खिलाड़ी अपने कप्तान को खिताबी विदाई दे पाने में कामयाब होंगे।