दक्षिण अफ्रीका की माइकल क्लार्क को रोकने के लिए बनाई गई सारी रणनीतियां धरी रह गई। आस्ट्रेलियाई कप्तान ने पहले टेस्ट में डबल सेंचुरी ठोकने के बाद दूसरे टेस्ट में भी मेहमान टीम पर अपना कहर जारी रखा।
क्लार्क (नाबाद 224) के लगातार दूसरे दोहरे शतक और ओपनर डेविड वार्नर की आतिशी पारी (119) के बाद माइक हसी (103) के बेहतरीन शतक से आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी अटैक को बौना साबित कर दिया। दूसरे टेस्ट के पहले दिन स्टंप्स तक आस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 482 रन का विशाल स्कोर बना डाला।
पिछले मैच का फॉर्म यहां भी जारी रखते हुए क्लार्क 243 गेंदों में 39 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 224 रन ठोक चुके हैं। ओपनर वार्नर ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 112 गेंदों में 16 चौकों और चार छक्कों की मदद से 119 रन ठोके। हसी ने भी रनों की रवानगी जारी रखते हुए 137 गेंदों में नौ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 103 रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने एक समय अपने तीन विकेट सिर्फ 55 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद क्लार्क और वार्नर के तेवर दक्षिण अफ्रीका पर भारी पड़े। क्लार्क ने ओपनर वार्नर के साथ चौथे विकेट के लिए 165 रन और हसी के साथ पांचवें विकेट के लिए 272 रन की साझेदारी की।
हालांकि पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की खराब फार्म इस मैच में भी जारी रही। वह मात्र चार रन बनाकर जाक कालिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। दक्षिण अफ्रीका को को उस समय करारा झटका लगा जब कालिस अपने चौथे ओवर में हैमस्ट्रिंग इंजुरी के कारण बाहर हो गए।