माइकल क्लार्क की तुनकमिजाजी जगजाहिर है। ऐसे में ही एक मामले में उन्हें चेतावनी दी गई है।
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान माइकल क्लार्क को एक घरेलू मैच में अंपायर के फैसले पर असंतोष जताने के लिए चेतावनी दी गई है। क्लार्क तस्मानिया के खिलाफ शेफील्ड शील्ड मैच में न्यू साउथवेल्स की कप्तानी कर रहे थे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा कि एक बल्लेबाज को लगभग जमीन छूते कैच पर संदेह का लाभ देते हुए अंपायर ने नॉटआउट करार दिया।
इसके बाद क्लार्क ने नाराजगी में 'टी' का चिह्न बनाया, जिसके मायने हैं कि तीसरे अंपायर द्वारा फैसले की समीक्षा की जाए।
शेफील्ड शील्ड मैचों में तीसरा अंपायर नहीं होता है। खिलाड़ियों की आचार संहिता के तहत यदि कोई खिलाड़ी 'टी' का चिह्न बनाता है तो उसे अंपायर के फैसले पर असंतोष माना जाएगा।
मैच रेफरी डरेल हार्पर ने क्लार्क को चेतावनी दी। क्लार्क का पिछले 18 महीने में यह पहला अपराध था।