ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत की हार के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी लगातार सवालों के घेरे में रही है। वह दो मौकों पर टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी दिलाने में नाकाम रहे हैं। इसके बाद भारतीय टीम के कप्तान के रूप में नए विकल्प की तलाश पर काफी बातें हो रही हैं। कई लोगों का मानना है कि रोहित की जगह किसी युवा खिलाड़ी को टेस्ट टीम की कमान दे दी जानी चाहिए, जो 2025 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय टीम को खिताब दिलाने की क्षमता रखता हो। इस बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने रोहित शर्मा का समर्थन किया है। 2015 विश्व कप जीतने वाले कप्तान ने कहा कि एक मैच से किसी खिलाड़ी की काबिलियत नहीं आंकी जानी चाहिए।
क्लार्क ने कहा "मुझे रोहित पर अभी भी विश्वास है, मुझे लगता है वह एक अच्छे कप्तान हैं। मुझे उनकी आक्रामक सोच पसंद है, वह जितने सकारात्मक दिखते हैं, उतने हैं भी। उन्हें एक कप्तान के तौर पर कई सफलताएं मिलीं हैं, जिसमें पांच बार आईपीएल का खिताब भी शामिल हैं। सिर्फ इसलिए की भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप नहीं जीत सका, इसका यह मतलब नहीं कि रोहित भारत का नेतृत्व नहीं कर सकते। आप यह भूल रहे हैं कि भारत लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचा, यह दिखाता है कि भारत ने पिछले चार वर्षों में किस तरह टेस्ट क्रिकेट खेला है। यह काफी अहम समय है और भारत को अपनी टीम में स्थिरता देखना चाहिए, क्योंकि वनडे विश्व कप भी आने वाला है।"
माइकल क्लार्क का मानना है कि लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइलन में पहुंचना खुद में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा "रोहित ने कप्तानी लेने के बाद से भारत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती है और एक बल्लेबाज को तौर पर भी अच्छा किया है, चाहे वह पिछली सीरीज में शतक ही क्यों ना हो। एक फाइनल की हार उनको बुरा कप्तान नहीं बनाती और ना ही भारत को एक बुरी टीम, लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचना आसान नहीं हैं। इसका यह मतलब है कि भारत ऐसी इकलौती टीम थी, जिसने पिछले चार साल में निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया। टेस्ट क्रिकेट में ऐसा करना सराहनीय है और मैं आग्रह करुंगा की कोई भी निर्णय लेने से पहले आप इन सभी चीजों को भी ध्यान में रखें।"
माइकल क्लार्क एशेज को लेकर भी बेहद ही उत्साहित हैं। क्लार्क ने कहा "एशेज की भी एक बेहतरीन शुरुआत हुई है, दोनों ही टीम काफी अच्छा टेस्ट क्रिकेट खेल रहीं हैं, और ऐसी शानदार सीरीज में इसकी उम्मीद भी की जाती है। इंग्लैंड लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है और ऑस्ट्रेलिया को इससे लड़ने का तरीका ढूंढना होगा। यह एक बेहतरीन सीरीज होने वाली है और बेशक मैं ऑस्ट्रेलिया का समर्थन करता हूं।