मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- फोटो : IPL/BCCI
पिछले मैच में अभूतपूर्व जीत दर्ज करने वाले सनराइजर्स हैदराबाद का सामना अब मुंबई इंडियंस से होगा। यह दोनों ही टीमें फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष चार में शामिल नहीं हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने दमदार बल्लेबाजी की थी, लेकिन अब इनके सामने जसप्रीत बुमराह की चुनौती होगी जिन्होंने हाल ही में चोट से वापसी की है।
बुमराह नहीं हासिल कर पाए हैं पुरानी लय
चोटिल होने के कारण तीन महीने बाद वापसी करने वाले बुमराह अभी तक अपनी वैसी लय हासिल नहीं कर पाए हैं जिसके कारण उन्हें दुनिया का सबसे खतरनाक तेज गेंदबाज माना जाता है। मुंबई हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के आक्रामक बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए अपने स्टार तेज गेंदबाज बुमराह से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। मुंबई अभी तक केवल दो मैच जीत पाया है और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। दूसरी ओर, हैदराबाद की टीम ने अब तक छह मैच खेले हैं और सिर्फ दो में उसे जीत मिली है। इस तरह वह तालिका में नौवें स्थान पर है।
रोहित की फॉर्म चिंता का विषय
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म भी चिंता का विषय बनी हुई है। रोहित ने अभी तक आक्रामक रवैया अपनाया है लेकिन उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करना पड़ा है। रोहित अभी तक पांच मैच में 11.20 की औसत से केवल 56 रन बना पाए हैं। मुंबई की बल्लेबाजी कुछ हद तक सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा पर निर्भर रही है और अगर टीम को अपनी स्थिति में सुधार करना है तो रोहित को बड़ी पारी खेलनी होगी।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए राहत की खबर, टीम से जुड़े मयंक यादव; राजस्थान के खिलाफ हो सकती है वापसी
हैदराबाद करेगी टीम में बदलाव?
रोहित जिस तरह बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं उसे देखते हुए सनराइजर्स की टीम तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में जगह दे सकती है। सनराइजर्स की टीम अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अपनी बल्लेबाजी पर काफी निर्भर है लेकिन उसके प्रमुख बल्लेबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। इस मैच में सनराइजर्स के बल्लेबाज ईशान किशन पर भी निगाह होगी जो अपनी पूर्व फ्रेंचाइजी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रही है लेकिन गेंदबाज भी इससे मिलने वाली उछाल का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
मुंबई इंडियंसः रियान रिक्लेटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, विल जैक्स, हार्दिक पांड्या (कप्तान), मिचेल सैंटनर, जसप्रीत बुमराह, करण शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर।
सनराइजर्स हैदराबादः हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), जयदेव उनादकट, मोहम्मद शमी, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा।
आइए जानते हैं मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 17 अप्रैल यानी गुरुवार को खेला जाएगा।
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
मुंबई और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।