आईपीएल में आखिरी छह ओवर में दूसरा बड़ा स्कोर
इस मैच में पंजाब की टीम ने आखिरी छह ओवर में 109 रन बनाए। आईपीएल के इतिहास में यह आखिरी छह ओवरों में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था। 2016 में आरसीबी ने गुजरात लायंस के खिलाफ आखिरी छह ओवर में 126 रन बनाए थे। यह आईपीएल इतिहास में किसी पारी में आखिरी छह ओवर में सबसे बड़ा स्कोर है। इस सूची में मुंबई की टीम तीसरे स्थान पर है। पंजाब के खिलाफ 2020 में इस टीम ने आखिरी छह ओवर में 104 रन बनाए थे।
अर्जुन ने मुंबई के लिया दूसरा महंगा ओवर किया
इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई की पारी के 16वें ओवर में 31 रन दिए। यह मुंबई के किसी गेंदबाज का दूसरा महंगा ओवर था। 2022 में डेनियल सम्स ने कोलकाता के खिलाफ एक ओवर में 35 रन दे दिए थे। इस सूची में पवन सुयल तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2014 में आरसीबी के खिलाफ एक ओवर में 28 रन लुटा दिए थे। मुंबई के लिए खेलते हुए 2019 में अल्जारी जोशेप और 2017 में मिचेल मैक्लेनघन भी एक ओवर में 28 रन दे चुके हैं।
पंजाब के लिए पांचवें विकेट की दूसरी बड़ी साझेदारी
सैम करन और हरप्रीत भाटिया ने इस मैच में पांचवें विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की। आईपीएल के इतिहास में यह पंजाब की टीम के लिए दूसरी बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 2013 में डेविड मिलर और राजगोपाल सतीश ने आरसीबी के खिलाफ पांचवें विकेट के लिए नाबाद 130 रन जोड़े थे। 2017 में मैक्सवेल और मिलर ने नाबाद 79 रन की साझेदारी की थी। यह साझेदारी लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। कुमार संगकारा और इरफान पठान भी पंजाब के लिए खेलते हुए पांचवें विकेट के लिए 75 रन जोड़ चुके हैं।
मुंबई के खिलाफ पंजाब का दूसरा बड़ा स्कोर
इस मैच में पंजाब किंग्स ने मुंबई के खिलाफ आठ विकेट खोकर 214 रन बनाए। यह मुंबई के खिलाफ पंजाब का दूसरा बड़ा स्कोर था। इससे पहले 2017 में यह टीम मुंबई के खिलाफ 230/3 का स्कोर बना चुकी है। 2017 में ही पंजाब ने मुंबई के खिलाफ 198/4 का स्कोर बनाया था। वहीं, 2022 में 198/5 का स्कोर बनाया था। 2019 में पंजाब की टीम मुंबई के खिलाफ 197/4 का स्कोर भी बना चुकी है।
आईपीएल 2023 में सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाज
इस मैच में पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने पारी की शुरुआत करते हुए 17 गेंद में 26 रन बनाए और 152.94 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। वह सीजन पावरप्ले में कम से कम 50 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। इस लिस्ट में सबसे आगे चेन्नई के अजिंक्य रहाणे हैं, जिन्होंने पावरप्ले में 222.2 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। वहीं, फाफ डुप्लेसिस ने 168.5 और ईशान किशन ने 165.1 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस मामले में चौथे स्थान पर मौजूद प्रभसिमरन सिंह का स्ट्राइक रेट 164.8 का है।