आईपीएल 2025 में रविवार को मुंबई इंडियंस का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। दोनों ही टीमों के 10-10 अंक हैं और आज जीत से प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत हो जाएंगी। इस मैच से पहले लखनऊ के बल्लेबाज निकोलस पूरन का बयान सामने आया है। उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत की कार दुर्घटना वाले हादसे पर दुख जताया और कहा कि शुक्र है कि अब पंत ठीक हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि अब वह और पंत दोनों साथ खेल रहे हैं।
पूरन और पंत क्रिकेट जगत में उन बल्लेबाजों की श्रेणी में आते हैं जो इच्छानुसार शॉट लगाकर प्रशंसकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। आईपीएल के इस संस्करण में पूरन ने तो शानादर बल्लेबाजी की है, लेकिन 27 करोड़ के पंत कुछ खास नहीं कर पाए हैं। हालांकि, दोनों के बीच एक बात समान है, वह यह है कि ये दोनों अपनी इच्छाशक्ति की बदौलत जानलेवा दुर्घटनाओं से उबरकर उम्मीद से कहीं पहले मैदान पर वापस लौटे हैं।
जनवरी 2015 में 19 साल के पूरन को सेंट मैरीज त्रिनिदाद में एक जानलेवा कार दुर्घटना का सामना करना पड़ा था। वह काफी समय तक व्हीलचेयर पर रहे और उनके घुटनों और टखने की कई सर्जरी हुईं। दिसंबर 2022 में पंत एक भयानक कार दुर्घटना में बाल-बाल बचे जब वह दिल्ली से रुड़की घर वापस जा रहे थे। कैरेबियाई देश के नंबर एक टी20 बल्लेबाज ने पूरन ने कहा, 'घटना से पहले भी हमारे (उनके और पंत के) बीच अच्छे संबंध थे। हम हमेशा जुड़े रहते हैं। हम हमेशा बातचीत करते हैं, जब भी संभव हो मिलते हैं। चाहे वह वेस्टइंडीज में हो या मैं यहां हूं।'
उन्होंने कहा, 'दुर्घटनाएं हमारे क्रिकेट सफर में दुर्भाग्यपूर्ण थीं, लेकिन अच्छी बात यह है कि हम आज यहां क्रिकेट खेल रहे हैं। और यह एक अद्भुत अहसास है। लेकिन हां, हम अपने अनुभव साझा करते हैं। हम एक-दूसरे की यथासंभव मदद करने की कोशिश करते हैं।' पूरन अब लखनऊ की टीम के साथ कुछ सत्र खेल चुके हैं और उन्हें लगता है कि टीम के मालिक संजीव गोयनका काफी मददगार रहे हैं। पूरन ने अब तक इस सीजन नौ मैचों की नौ पारियों में 47.12 की औसत और 204.89 के स्ट्राइक रेट से 377 रन बनाए हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे स्थान पर हैं।