भारतीय महिला टीम इन दिनों श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में हिस्सा ले रही है। टीम के सदस्यों ने इस दौरान विशाखापत्तनम के श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में पूजा अर्चना की।
भारतीय महिला टीम के सदस्य विशाखापत्तनम स्थित श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर पहुंचे और वहां उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना की। भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज चल रही है। इसका पहला मुकाबला रविवार को विशाखापत्तनम में खेला गया था और अब दोनों टीमों के बीच मंगलवार को इसी मैदान पर दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा।
विज्ञापन
भारत ने जीता था पहला टी20
भारतीय महिला टीम से पहले पुरुष टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी इसी मंदिर में दर्शन करने गए थे। जेमिमा रोड्रिग्स के नाबाद अर्धशतक की मदद से भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को पहले टी20 मैच में आठ विकेट से हराया था। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे श्रीलंका की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 121 रन ही बना सकी। जवाब में भारत ने जेमिमा के दमदार प्रदर्शन से 14.4 ओवर में दो विकेट पर 122 रन बनाकर मैच जीत लिया था। भारत ने इस तरह पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
मंधाना ने भी किए दर्शन
भारतीय महिला टीम के सदस्यों के साथ उपकप्तान स्मृति मंधाना भी मंदिर पहुंची थीं। पंडितों ने भारतीय टीम के सदस्यों को विधिवत पूजा कराई। वीडियो में दिख रहा है कि टीम के सदस्य पूरे भक्ति भाव से पूजा कर रहे हैं।
सीरीज में बढ़त मजबूत करने उतरेगी टीम
भारत ने पहले टी20 मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन फील्डिंग ने निराश किया। भारतीय खिलाड़ियों ने पहले टी20 मैच में कुछ कैच छोड़े। विश्व कप की सफलता के बाद भारतीय टीम को छह सप्ताह का ब्रेक मिला। इसके बाद भारतीय टीम ने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एक सप्ताह के शिविर में भाग लिया था। फील्डिंग में थोड़ी बहुत कमी आना लगभग अपेक्षित था और कप्तान को लगता है कि टीम बहुत जल्द लय में आ जाएगी।