कप्तान ब्रैंडन मैककुलम की नाबाद 83 रन की तूफानी पारी से न्यूजीलैंड के ओटागो ने मंगलवार को चैंपियंस लीग टी-20 क्वालीफायर टूर्नामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान के फैसलाबाद वोल्व्स को आठ विकेट से हरा दिया।
फैसलाबाद ने कप्तान मिस्बाह उल हक की 46 रन की पारी की बदौलत आठ विकेट पर 139 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन मैककुलम अपनी शानदार पारी से इसे बौना साबित कर दिया।
ओटागो ने 17.5 ओवर में दो विकेट पर 142 रन बनाकर 13 गेंद शेष रहते जीत अपने नाम कर ली। ओटागो को इस जीत से दो अंक हासिल हुए।
'मैन ऑफ द मैच' मैककुलम ने 65 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 83 रन ठोककर ओटागो को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया।
मैककुलम ने डेरेक डी बूरडर (नाबाद 30) के साथ तीसरे विकेट के लिए 12.3 ओवर में 101 रन की अविजित साझेदारी की।
पाकिस्तान टीम को कोई भी गेंदबाज मैककुलम पर असर नहीं छोड़ पाया। ओटागो ने हालांकि पहले ओवर में नील ब्रूम (शून्य) को गंवाया और हाशिम रदरफोर्ड 25 रन बनाकर टीम के 41 रन के स्कोर पर पेवेलियन लौट गए।
फैसलाबाद के लिए समीउल्ला खान और सईद अजमल ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले फैसलाबाद की पारी में मिस्बाह (46) और खुर्रम शहजाद (27) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज उल्लेखनीय योगदान नहीं दे पाया।
इयान बटलर, जेम्स मैकमिलन और जेम्स नीशम ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अंकुश में रखा।