मांकडिंग पर एमसीसी ने गेंदबाजों का समर्थन किया है
- फोटो : सोशल मीडिया
मांकडिंग के मामले पर एमसीसी की विश्व क्रिकेट समिति ने जोर देकर कहा कि किसी बल्लेबाज को नॉन-स्ट्राइकर छोर पर रन आउट करने पर गेंदबाज को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। समित ने कहा कि बल्लेबाज ही रन चुराने का प्रयास करते हैं तो उन्हें आउट करना गलत नहीं है। इसके साथ ही इस समिति ने हर तरह के क्रिकेट में मांकडिंग को रन आउट का हिस्सा बनाने की मांग की है।
विश्व क्रिकेट समिति ने इस मुद्दे पर सभी से शांत रहने की अपील की। आईसीसी की मान्यता मिलने के बावजूद कुछ पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि नॉन स्ट्राइक पर बल्लेबाज को रन आउट करना खेल भावना के खिलाफ है। वहीं, आईसीसी इसे अनुचित खेल की बजाय रन आउट का एक हिस्सा मान चुका है।
जनवरी में बिग बैश लीग के एक मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जम्पा ने नॉन-स्ट्राइकर टॉम रोजर्स को रन आउट करने का प्रयास किया था। इस मामले पर बवाल होने के बाद खेल के नियम बनाने वाले मेरीलेबोन क्रिकेट क्लब ने स्पष्टीकरण जारी किया। इसमें नियम 38.3 को ज्यादा स्पष्ट तरीके से समझाया गया है। एमसीसी की विश्व क्रिकेट समिति के नियम को आईसीसी की मान्यता मिल चुकी है। अब यह समिति सभी से इस नियम को लेकर शांत रहने की अपील कर रही है। रन चुराने की कोशिश कर रहे नॉन स्ट्राइक में खड़े खिलाड़ी को रन आउट करना खेल के नियमों के आधीन है।
एमसीसी ने कहा "अहम बात यह है इस प्रकार के आउट होने के नियम से जुड़े सभी भ्रम और विवाद को आसानी से समाप्त किया जा सकता है। नॉन-स्ट्राइकर को कानून का पालन करना और गेंदबाज के हाथ से गेंद से छूटने तक क्रीज में रहना जरूरी है। दुबई में इस बात पर भी चर्चा हुई कि नॉन स्ट्राइक पर रन आउट के लिए गेंदबाज को दोषी ठहराया जाता है, जबकि रन चुराने की कोशिश बल्लेबाज कर रहा होता है। ऐसे में गलती बल्लेबाज की है न कि गेंदबाज की।"
उन्होंने कहा, "वे इस बात पर भी सहमत थे कि गेंदबाजों को बल्लेबाज को चेतावनी देने की आवश्यकता नहीं है। उनके पास पूरी तरह से नियम तोड़ने के मौके पर बल्लेबाज को आउट करने का अधिकार में हैं।"
विश्व क्रिकेट समिति में कुमार संगकारा, सौरव गांगुली, जस्टिन लैंगर, एलिस्टर कुक सहित क्रिकेट के कई महान खिलाड़ी शामिल हैं। माइक गैटिंग इसके अध्यक्ष हैं।
श्रीलंका के महान संगकारा ने कहा "गेंदबाज यहां खलनायक नहीं है। प्रत्येक बल्लेबाज के पास एक विकल्प होता है। क्रीज में में रहना या रन चुराने की कोशिश में आउट होने का जोखिम लेना। यदि वे बाद वाले को चुनते हैं, तो वे कानून तोड़ रहे हैं।"