लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए राहत की खबर आई है और उसके स्टार तेज गेंदबाज मयंक यादव चोट से उबरने के बाद टीम से जुड़ गए हैं। माना जा रहा है कि मयंक जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। लखनऊ ने सोशल मीडिया पर एक विशेष वीडियो साझा कर मयंक के टीम से जुड़ने की जानकारी दी। लखनऊ का प्रदर्शन अब तक मिलाजुला रहा है और मयंक की वापसी उसके लिए राहत की खबर है।
मयंक चोट के कारण भारतीय टीम और आईपीएल 2025 से अब तक बाहर चल रहे थे। उन्होंने बंगलुरू स्थिति भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब प्रक्रिया पूरी की और वह मंगलवार की रात टीम होटल पहुंचे। बताया जा रहा है कि मयंक राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 19 अप्रैल को होने वाले मैच के लिए उपलब्ध होंगे।
पिछले सीजन खेले चार मैच
मयंक 2023 सीजन में चोट के कारण बाहर रहे थे, लेकिन उन्होंने पिछले सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू मैच में ही तीन विकेट झटके थे। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ अगले मैच में भी उन्होंने तीन विकेट लिए जिससे लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। हालांकि, उनका अभियान सिर्फ चार मैचों तक ही सीमित रहा क्योंकि साइड स्ट्रेन के कारण वह आगे नहीं खेल सके। पिछले सीजन ज्यादातर समय बाहर रहने के बावजूद लखनऊ फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताया और मेगा नीलामी से पहले मयंक को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया। मयंक ने पिछले आईपीएल सीजन 155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर सुर्खियां बटोरी थी।
पांचवें स्थान पर चल रही है लखनऊ
लखनऊ की टीम ने आईपीएल 2025 में अब तक सात मैच खेले हैं जिसमें से उसने चार मैच जीते हैं, जबकि तीन में उसे हार मिली है। लखनऊ आठ अंक लेकर फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। लखनऊ को चेन्नई सुपर जाएंट्स के खिलाफ पिछले मैच में हार मिली थी और अब उसका सामना शनिवार को जयपुर में राजस्थान की टीम से होगा।