फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC Final: कमिंस-हेजलवुड, स्टार्क की तिकड़ी से काफी प्रभावित हैं हेडन; मैक्ग्रा-ली और गिलेस्पी से बेहतर बताया

Fri, 13 Jun 2025 01:39 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

कमिंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 28 रन देकर छह विकेट लिए। वहीं, स्टार्क ने दो और हेजलवुड ने एक विकेट लिया था। इन तीनों की शानदार गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर ऑलआउट हो गई थी और ऑस्ट्रेलिया की टीम 74 रनों की बढ़त लेने में सफल रही थी।
विज्ञापन
पैट कमिंस - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने दावा करते हुए कहा है कि पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क की गेंदबाजी तिकड़ी ग्लेन मैक्ग्रा, ब्रेट ली और जेसन गिलेस्पी की तिकड़ी से बेहतर है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के दूसरे दिन कमिंस की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी आक्रामण ने अच्छा प्रदर्शन किया था जिससे टीम बढ़त हासिल करने में सफल रही थी। 
विज्ञापन

पहली पारी में कमिंस ने की शानदार गेंदबाजी 
कमिंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 28 रन देकर छह विकेट लिए। वहीं, स्टार्क ने दो और हेजलवुड ने एक विकेट लिया था। इन तीनों की शानदार गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर ऑलआउट हो गई थी और ऑस्ट्रेलिया की टीम 74 रनों की बढ़त लेने में सफल रही थी। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में आठ विकेट पर 144 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 218 रन हो गई है। दिन का खेल समाप्त होने तक मिचेल स्टार्क 16 और नाथन लियोन एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

हेडन ने कहा कि कमिंस ने सभी चीजें सही की है और ये तिकड़ी मैक्ग्रा-ली और गिलेस्पी की तुलना में अलग संयोजन से गेंदबाजी करती है। हेडन का मानना है कि दबाव के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने शानदार वापसी की। उन्होंने कहा, कमिंस हर काम सही तरीके से करते हैं। वे ऑफ स्टंप को चुनौती देते हैं, ढलान का इस्तेमाल करते हैं और स्टंप के ऊपरी हिस्से को निशाना बनाते हैं, जिससे बल्लेबाज लगातार खेलते हैं। चोट के कारण साढ़े पांच साल तक गेंदबाजी नहीं करने के बावजूद अब उनके पास 300 से ज्यादा टेस्ट विकेट हैं। यह असाधारण है। 

हेडन ने कहा, हेजलवुड, कमिंस और स्टार्क की तिकड़ी ऑस्ट्रेलिया की अब तक की सबसे बेहतरीन पेस अटैक हो सकती है, मैकग्राथ, गिलेस्पी और ली से भी बेहतर क्योंकि उन्होंने एक साथ ज्यादा गेंदबाजी की है। इसमें नाथन लियोन को जोड़ दें, तो यह एक 'शानदार चौकड़ी' बन जाती है। दबाव के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने बढ़त बनाने में अच्छा प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की, जिससे यह मुकाबला उतार-चढ़ाव वाला रहा। यह अब तक का शानदार टेस्ट मैच रहा है और तीसरे दिन और भी ज्यादा रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। 
विज्ञापन

हेडन बोले- डब्ल्यूटीसी फाइनल में गेंदबाजों का दबदबा 
डब्ल्यूटीसी फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन 14 विकेट गिरे और हेडन का मानना है कि बल्लेबाज इस दौरान कमजोर दिखे हैं। हेडन ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को मुकाबले में बने रहने के लिए दूसरी पारी में एक शतकीय और एक अर्धशतकीय साझेदारी की जरूरत है। उन्होंने कहा, दूसरे दिन के प्रदर्शन को देखिए। पहले दो दिन एक समान विकेट गिरे हैं। टेस्ट मैच में बल्लेबाजी के हिसाब से बल्लेबाज कमजोर दिख रहे हैं और गेंदबाज इस मैच में दबदबा दिखा रहे हैं। अब तक मैच में एक भी शतकीय साझेदारी नहीं हुई है। अगर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 250 के पार जाती है तो दक्षिण अफ्रीका को मैच में बने रहने के लिए एक शतकीय और एक अर्धशतकीय साझेदारी की जरूरत होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें