अपने पिछले तीन मैचों में हार का सामना करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को अगर विजयी पटरी पर लौटना है तो उसे अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में असाधारण प्रदर्शन करना होगा।
अपने छह में से पांच मैच जीत चुकी राजस्थान की टीम को एकमात्र हार किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों सुपर ओवर में मिली थी। वहीं बंगलोर ने शुरुआती मुकाबले में कोलकाता पर जीत दर्ज करने के बाद से तीनों मैच गवाएं हैं और यह टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।
बंगलोर के लिए कुछ भी सही होता नजर नहीं आ रहा है। विराट कोहली, क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स, राइली रोसोउ की मौजूदगी में टीम का बल्लेबाजी क्रम कागजों पर भले ही बेहद मजबूत है, लेकिन मैदान पर अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करने में यह बल्लेबाज नाकाम ही रहे हैं।
असफलता का आलम यह है कि गेल जैसे दिग्गज बल्लेबाज को भी टीम प्रबंधन ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ अपने पिछले मुकाबले में अंतिम एकादश से बाहर बैठा दिया था। टीम की गेंदबाजी भी कुछ खास नहीं रही है, हालांकि वर्ल्ड कप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट मिचेल स्टार्क के आने से इस क्षेत्र में सुधार की आशा नजर आई है।
वहीं दूसरी ओर राजस्थान की बल्लेबाजी शानदार लय में है। अजिंक्य रहाणे और शेन वाटसन ओपनिंग की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। स्टीवन स्मिथ की मौजूदगी में मध्य क्रम भी बेहद संतुलित है।
हालांकि पंजाब के खिलाफ टीम की गेंदबाजी की कलई खुल गई थी। राजस्थान ने 191 रन का स्कोर खड़ा किया था। मगर गेंदबाज इस लक्ष्य का बचाव नहीं कर पाए। वैसे मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए राजस्थान की टीम इस मैच में दावेदार के तौर पर कदम रखेगी।