प्रबल दावेदारों में शुमार की जा रही मेजबान इंग्लैंड टीम पाकिस्तान के खिलाफ सोमवार को ट्रेंटब्रिज में होने वाले मुकाबले में तेज गेंदबाज मार्क वुड को शामिल कर सकती है। यह मैदान बल्लेबाजों की ऐशगाह माना जाता है। सोमवार को मुकाबला उसी पिच पर खेला जाएगा जिस पर इंग्लैंड ने वनडे क्रिकेट में दो बार सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड बनाया है। पहले पाकिस्तान के खिलाफ 2016 में तीन विकेट पर 444 रन बनाए थे जबकि पिछले साल इसी पिच पर छह विकेट पर 481 रन जोड़े थे।
विज्ञापन
पहली बार विश्व कप जीतने को बेताब इंग्लैंड की टीम ने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 104 रन से हराया था। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट लिए थे और अब ससेक्स के स्पीडस्टर मार्क वुड के जुड़ने से उनके तेज आक्रमण में और धार आ जाएगी। वह शार्टपिच बाउंसर के जरिए पाकिस्तान के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेना चाहेंगे जो विंडीज के खिलाफ नाटिंघम में खेले गए मुकाबले में विंडीज के पेसरों के बाउंसर नहीं झेल पाए थे और महज 105 रन पर ढेर हो गए थे।
हालांकि पाकिस्तान की टीम लगातार 11 वन-डे मैच हारने के बाद जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी। पाकिस्तान के लिए अभी तक ये वर्ल्ड कप निराशाजनक ही रहा है। अभ्यास मैच में उन्हें जहां अफगानिस्तान से हार मिली वहीं पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बुरी तरह रौंदा।
विज्ञापन
इंग्लैंड के सहायक कोच ग्राहम थोर्प ने कहा, ‘हमने पाकिस्तान और वेस्टइंडीज का मैच देखा। कैरेबियाई टीम ने बेहतरीन गेंदबाजी की। हमने वही देखकर वुड को टीम में मौका दिया है। ’इस सत्र की शुरुआत से वुड ने अब तक सिर्फ 13.1 ओवर डाले हैं चूंकि उनके टखने की चोट फिर उभर आने का खतरा था। इंग्लैंड 2015 विश्व कप में पहले दौर में बाहर होने के बाद वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गई । पहले मैच में आठ विकेट पर 311 रन पर आउट हुई इंग्लैंड टीम को आर्चर ने जीत तक पहुंचाया।
ग्राहम थोर्प के मुताबिक, 'हम ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करेंगे लेकिन 500 जैसा कोई आंकड़ा जेहन में लेकर नहीं चल रहे हैं। हमें प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाना होगा। हमारी निगाह जीत पर हैं।’
बल्लेबाजों की ऐशगाह पिचों पर भले ही इंग्लैंड टीम के 500 रन बनाने के कयास लगाये जा रहे हों लेकिन इन अटकलों से परे मेजबान का पूरा फोकस सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप के अगले मैच पर है।