शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रोहित शर्मा और शिखर धवन के अलावा कप्तान विराट कोहली बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। ब्लू ब्रिगेड के लिए नंबर चार और नंबर छह को लेकर चिंताएं हैं क्योंकि इस क्रम पर क्रमश: विजय शंकर और केदार जाधव अभी अपनी चोटों से अभी पूरी तरह नहीं उबरे हैं। केदार को आईपीएल के दौरान और विजय शंकर को पहले अभ्यास मैच से पहले हाथ पर चोट लगी थी। गेंदबाजों ने पहले अभ्यास मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। बुमराह और शमी ने गति के अलावा अनुशासित गेंदबाजी भी की थी। यदि स्पिनर कुलदीप यादव अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे तो उनके लिए यह मनोबल बढ़ाने वाला रहेगा क्योंकि युवा चाइनामैन बॉलर आईपीएल में बेहतर नहीं कर पाए थे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे क्रम पर लोकेश राहुल को मौका मिला था लेकिन उन्होंने यह मौका गंवा दिया। संभावना तो यही है कि लोकेश राहुल को इस क्रम पर फिर मौका मिलेगा ताकि विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उतरने से पहले बल्लेबाजी क्रम को लेकर टीम सुनिश्चित हो सके। इस क्रम पर दिनेश कार्तिक को भी आजमाया जा सकता है। पहले अभ्यास मैच में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को धोनी से पहले उतारा गया था। यदि ऐसा होता है तो लोकेश राहुल, दिनेश कार्तिक या विजय शंकर जिस को भी मौका मिलता है उन पर एक छोर संभालकर खेलने की जिम्मेवारी होगी।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
दूसरी ओर बांग्लादेश के लिए भी यह अहम है। पाक के खिलाफ पहले अभ्यास मैच के बारिश की भेंट चढ़ने के बाद टीम भारत के खिलाफ मैच में हाथ खोलना चाहेगी। बांग्लादेश का विश्व कप में पहला मैच दो जून को दक्षिण अफ्रीका से है। बांग्लादेश की टीम को छुपा रुस्तम माना जाता है। विश्व कप में वह पहले उलटफेर कर भी चुकी है। बल्लेबाजी में टीम के पास तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, महमुदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम हैं तो गेंदबाजी में पेसर मशरफे मुर्तजा, मुस्ताफिजुर रहमान के अलावा स्पिनर शाकिब अल हसन और मेहदी हसन पर दारोमदार है। बांग्लादेश की टीम ने विश्व कप से पहले आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज जीती है।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, केएल राहुल, विजय शंकर, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी
बांग्लादेश: मशरफे मुर्तजा (कप्तान), अबू जायद, लिटन दास (विकेटकीपर), महमूदुल्लाह, मेहदी हसन, मोहम्मद मिथुन, मोहम्मद सैफुद्दीन, मोसद्देक हुसैन, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), मुस्ताफिजुर रहमान, रूबेल हुसैन, शाकिब अल हसन, सौम्य सरकार, तमीम इकबाल।
(मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा)