पांच मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में उम्मीदों के विपरीत परिणाम के बाद टीम इंडिया की नजर अब वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा वनडे जीतकर हिसाब बराबर करने पर होगी।
यह मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेला जाएगा और हर बार की तुलना में इस बार यहां की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार रह सकती है। ऐसे में धोनी एंड कंपनी के लिए जरूरी है कि वे अपनी कमियों को दूर कर मैदान पर उतरे।
टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता इस समय युवा धुरंधर विराट कोहली की खराब फॉर्म है। इंग्लैंड दौरे से चला आ रहा उनकी असफलता का सिलसिला विंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भी जारी रहा।
चिंता इसलिए और बड़ी है क्योंकि वे लगातार एक ही तरह की गेंदों पर अपना विकेट गंवा रहे हैं। कोटला उनका घरेलू मैदान भी है इसलिए यहां विराट फॉर्म हासिल करते हैं तो उनके प्रशंसकों के लिए भी यह यादगार दिन बन जाएगा। ओपनिंग में शिखर धवन का लय में लौटना भारत के नजरिए से अच्छी बात रही।