एक टीम के तौर पर हमें अपने अभियान को सही तरीके से खत्म करने के बारे में सोचना होगा। मैं यह सोच कर बहुत दुखी और भावुक हूं कि मैं टीम का साथ छोड़ रहा हूं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना हमेशा से मेरा सपना था। मैं उन सभी का आभारी हूं जिन्होंने इसे पूरा करने में मेरी मदद की। उन्होंने (दक्षिण अफ्रीका ने) मुझे वैसे ही स्वीकार किया जबकि मैं विदेश से आया था। मेरे लिए यह थोड़ा दुखद क्षण होगा लेकिन मैंने खुद को इसके लिए तैयार किया है। उम्मीद है कि यह मेरे लिए और टीम के लिए अच्छा होगा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने आखिरी लीग मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर शीर्ष पर रहना चाहेगी। यह लीग का आखिरी मुकाबला होगा और इसी के बाद तय होगा कि अंतिम चार में कौन किससे भिडे़गा। स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर गेंद से छेड़छाड़ का प्रतिबंध झेलने के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ खेलेेंगे। केपटाउन में इसी टीम के खिलाफ इन दोनों के अलावा साथी कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर भी बैन लगा था। इंग्लैंड में दर्शकों ने विश्व कप के दौरान स्मिथ और वॉर्नर की काफी हूटिंग की है।
ऑस्ट्रेलिया के बायें हाथ के बल्लेबाज शॉन मार्श नेट अभ्यास के दौरान हाथ में फ्रैक्चर के कारण विश्व कप से बाहर हो गए। उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज पीटर हैंडस्कोंब को टीम से जुड़ने के लिए बुलाया गया है। ओल्ड ट्रैफर्ड में बृहस्पतिवार को अभ्यास के दौरान पैट कमिंस की गेंद मार्श की कलाई पर लगी। मार्श से पहले इसी नेट पर अभ्यास के दौरान ग्लेन मैक्सवेल भी चोटिल हो गए थे जो बायें हाथ के गेंदबाज मिशेल स्टार्क की उछाल लेती गेंद को संभाल नहीं पाए। मैक्सवेल को दायें हाथ में चोट लगी। कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया जिसके बाद मार्श फ्रैक्चर के कारण बाहर हो गए। मैक्सवेल की चोट ज्यादा गंभीर नहीं है।