भारतीय टीम हाल में दक्षिण अफ्रीका पर अपने दबदबे के बावजूद मंगलवार से यहां शुरू हो रही टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अपने इस प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं ले सकती। इन दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैचों में से हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम को तीन में जीत और एक में हार मिली है। एक मैच का परिणाम नहीं निकल पाया था।
घरेलू परिस्थितियों में खेलने के कारण भारतीय टीम फायदे में रहेगी लेकिन वे अपनी जीत पक्की नहीं मान सकती। रविवार को यहां खेले गए दूसरे अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीकी महिलाओं ने 83 रन से जीत दर्ज कर दिखाया कि वे खतरनाक साबित हो सकती हैं।
भारतीय टीम स्मृति मंधाना से मिलने वाली अच्छी शुरुआत पर काफी निर्भर रहेगी। टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले चुकी मिताली राज की अनुपस्थिति में हरमनप्रीत, वेदा कृष्णमूर्ति और जेमिमा रोड्रिग्स को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई तेज गेंदबाज शिखा पांडे और पूजा वस्त्राकर करेंगी। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी पूनम यादव, अनुजा पाटिल और आलराउंडर अनुजा पाटिल संभालेंगी।
दक्षिण अफ्रीकी टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी। उसका दारोमदार लिजली ली पर होगा जिन्होंने अभ्यास मैच में 65 रन बनाए थे। उनके अलावा मिगनॉन डु प्रीज और कप्तान सुन लुस पर भी उसकी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी होगी।