लाल गेंद से खेले जा रहे इस मुकाबले से पहले भी चर्चा ‘गुलाबी गेंद’ का ही हो रहा है। यहां कोलकाता में 22 से शुरू होने वाले ऐतिहासिक दिन रात्रि टेस्ट पर लगातार चर्चा हो रही है। दोनों टीमों के लिए यह दिन रात का पहला टेस्ट होगा।
भारतीय कप्तान कोहली टेस्ट क्रिकेट में 26 शतक तो अजिंक्य रहाणे 11 और चेतेश्वर पुजारा 18 सैकड़ें जमा चुके हैं। वहीं बांग्लादेश के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज कप्तान मोमिनुल हक ने टेस्ट क्रिकेट में दस से भी कम शतक जड़े हैं। मुशफिकुर रहीम और महमूदुल्लाह समर्पित क्रिकेटर हैं लेकिन इस प्रारूप में कद्दावर नाम नहीं हैं। मुस्तफिजुर रहमान, तेजुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज के लिए भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा। इन तीनों से पहले उन्हें ओपनर मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा से पार पाना होगा जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ सकते हैं।
भारतीय गेंदबाज मिलकर 800 से ज्यादा विकेट ले चुके हैं लिहाजा इसे बेमेल मुकाबला कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। बांग्लादेशी टीम शाकिब की कप्तानी में पिछला टेस्ट अफगानिस्तान से हार गई थी। शाकिब दो साल के निलंबन के कारण क्रिकेट से दूर हैं।
होलकर स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों की मददगार रही है। इसकी बाउंड्री छोटी है लेकिन पिच में उछाल है। मोहम्मद शमी और उमेश यादव तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे जबकि रवींद्र जडेजा और आर अश्विन स्पिन का जिम्मा लेंगे। पिच की उछाल को देखते हुए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह इशांत शर्मा को तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में शामिल किया जा सकता है। वैसे अफगानिस्तान के राशिद खान के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाजी जिस तरह से चरमराई थी, उसके मद्देनजर कोहली कुलदीप को उतार भी सकते हैं।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा, आर अश्विन, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, इशांत शर्मा, कुलदीप यादव। रिजर्व : शुभमन गिल, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत।
बांग्लादेश: मोमिनुल हक (कप्तान), इमरूल काएस, मुशफिकुर रहीम, महमूदुल्लाह, मोहम्मद मिथुन, लिटन दास, मेहदी हसन मिराज, मुस्तफिजुर रहमान, नईम हसन, सैफ हसन, शादमान इस्लाम, तेजुल इस्लाम, अबु जायेद, इबादत हुसैन, मुसद्देक हुसैन।