कोहली के नेतृत्व में बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा लेकिन गेंदबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। एविन लुइस, शिमरोन हेतमायर और कप्तान किरोन पोलार्ड ने भारतीय गेंदबाजों को नहीं बख्शा। दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ प्रभावी रहे दीपक चाहर प्रभाव नहीं छोड़ सके। पेसर भुवनेश्वर और वाशिंगटन सुंदर को विकेट नहीं मिला। अब देखना यह है कि गेंदबाजी आक्रमण यथावत रहता है या कुलदीप यादव को उतारा जाता है। क्षेत्ररक्षण में भी सुंदर और रोहित शर्मा ने कुछ कैच टपकाए जबकि कई फालतू रन भी फील्ड में गए।
दूसरी ओर कैरेबियाई टीम वापसी करके सीरीज को जीवंत बनाए रखना चाहेगी लेकिन इसके लिए उसे भारतीय बल्लेबाजों खासकर कोहली के बल्ले पर अंकुश लगाना होगा। वेस्टइंडीज ने 23 रन अतिरिक्त दिए और इस पर भी काबू करना होगा। वेस्टइंडीज के कप्तान किरोन पोलार्ड का भी मानना है कि टीम के बल्लेबाजों ने तो अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन गेंदबाज 200 से ज्यादा रन का बचाव नहीं कर पाए। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन न कर पाने और योजनाओं को सही अमली जामा न पहनाने के कारण हमें हार का सामना करना पड़ा। हमने 23 अतिरिक्त रन दिए जिसमें 14 गेंदें वाइड थी।
भारतीय कप्तान विराट कोहली और ओपनर रोहित शर्मा के बीच रन बनाने को लेकर अलग रेस चल रही है। पिछले मैच में विराट ने अर्द्धशतक लगाकर 23वीं बार पचास से ज्यादा रन की पारी खेली। उन्होंने रोहित को पछाड़ा जिन्होंने 22 बार ऐसा किया है। जहां तक बात रन की है तो रोहित के 2547 रन हैं जबकि कोहली उनसे महज तीन रन दूर हैं। उनके 2544 रन हैं। इस मैच में देखते हैं हिटमैन रोहित आगे रहते हैं या रनमशीन कोहली।
दो अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं इस मैदान में। एक वनडे और वर्षा से प्रभावित टी-20 मैच। दोनों ही मैचों में पिच में हल्का टर्न देखने का मिला। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के 14 मैच हुए थे जिसमें स्पिनरों का अच्छा प्रभाव देखने को मिला।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, ऋषभ पंत, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी।
वेस्टइंडीज : किरोन पोलार्ड (कप्तान), फेबियन एलेन, ब्रैंडन किंग, दिनेश रामदीन, शेल्डन कॉटरेल, एविन लुइस, शेरफाने रदरफोर्ड, शिमरोन हेतमायर, खारी पियरे, लेंडल सिमंस, जेसन होल्डर, हेडन वॉल्श जूनियर, कीमो पॉल और केसरिक विलियम्स।