बांग्लादेश क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर मशरफे मुर्तजा के राजनीतिक करियर का शानदार आगाज हुआ है। उन्होंने बांग्लादेश के 11वें पार्लियामेंट्री चुनावों में नरैल सीट बड़ी जीत दर्ज की है। मुर्तजा ने आवामी लीग के टिकट पर चुनाव लड़ा था और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को करीब 34 गुना ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है।
इस चुनाव में मशरफे मुर्तजा को ढाई लाख से ज्यादा वोट मिले। वहीं, जातिया ओइक्या फ्रंट गठबंधन के फरीदुज्जामनान फरहाद 8 हजार वोटों में ही सिमटकर रह गए। गौरतलब है कि काफी पहले ही मुर्तजा के चुनाव लड़ने की खबरें आने लगी थीं।
उन्होंने एक बयान में खुद बताया था कि क्रिकेट से संन्यास के बाद वह बांग्लादेश की आवाम की सेवा करना चाहते हैं और इसके लिए राजनीति में जाना ही बेहतर है। राजनीति में आने का मौका देने पर मुर्तजा ने बांग्लादेश की एक बार फिर पीएम बनने को तैयार शेख हसीना को भी शुक्रिया कहा।
शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग ने बांग्लादेश आम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। रविवार देर रात आए नतीजों के बाद इसका एलान किया गया। सूत्रों के मुताबिक आवामी लीग के नेतृत्व में बने गठबंधन ने 300 में से 266 सीटों पर कब्जा किया है। इसके अलावा सहयोगी जतिया पार्टी ने 21 सीटें अपने कब्जे में की हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन नेशनल यूनिटी फ्रंट महज 7 सीटों पर जीत दर्ज कर सका।