मशरफे मुर्तजा ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने का एलान कर दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी वन-डे सीरीज के बीच में ही मुर्तजा का यह फैसला कई सवाल खड़े कर रहा है। 36 वर्षीय इस ऑलराउंडर ने तीसरे एकदिवसीय से पहले मीडिया को अपने फैसले की जानकारी दी।
2001 में बांग्लादेश के लिए डेब्यू करने वाले मुर्तजा ने पहली बार 2010 में वन-डे कप्तानी संभाली थी। बीच में शकिब-अल-हसन जैसे खिलाड़ियों ने टीम की कमान संभाली, लेकिन 2014 में एक बार फिर मशरफे बांग्ला टाइगर्स के कप्तान बने। मुर्तजा की ही अगुवाई में 2015 और 2019 विश्व कप खेला गया।
2017 के चैंपियंस ट्रॉफी में मशरफे ने बांग्लादेशी टीम को सेमीफाइनल तक का सफर तय कराया था। 87 मैच में 49 जीत और 36 हार के साथ इस खिलाड़ी ने बांग्लादेशी क्रिकेट टीम को नया मुकाम दिलाया।